भारत को मिलने वाला है नया CJI… जानिए कौन हैं जस्टिस सूर्यकांत,
जिनकी हुई सिफारिश
2 months ago Written By: Ashwani Tiwari
सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई ने अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश कर दी है। उन्होंने केंद्रीय विधि मंत्रालय को पत्र लिखकर जस्टिस सूर्यकांत को अगला मुख्य न्यायाधीश (CJI) बनाए जाने की सिफारिश की है। सीजेआई गवई का कार्यकाल 23 नवंबर 2025 को समाप्त होने वाला है, जिसके बाद जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर से देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश का पद संभालेंगे। उनका कार्यकाल 9 फरवरी 2027 तक रहेगा।
सीजेआई की सिफारिश की परंपरा सुप्रीम कोर्ट में एक परंपरा है कि मौजूदा मुख्य न्यायाधीश, सेवानिवृत्ति से लगभग एक महीने पहले, अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करते हैं। यह सिफारिश केंद्रीय विधि मंत्रालय के अनुरोध पर की जाती है। उसी के आधार पर अगले सीजेआई की नियुक्ति लगभग तय हो जाती है। मंत्रालय को भेजे गए पत्र में भूषण गवई ने जस्टिस सूर्यकांत का नाम आगे बढ़ाया है। इस सिफारिश के बाद अब यह लगभग तय है कि भारत के अगले सीजेआई सूर्यकांत ही होंगे।
जस्टिस सूर्यकांत: एक नजर में सफर जस्टिस सूर्यकांत का जन्म 10 फरवरी 1962 को हरियाणा के हिसार में हुआ था। उन्होंने 1981 में हिसार के गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की और फिर 1984 में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी, रोहतक से कानून की पढ़ाई पूरी की। इसी वर्ष उन्होंने हिसार की जिला अदालत में वकालत शुरू की। मात्र एक साल बाद वे पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने लगे।
न्यायपालिका में लंबा अनुभव जस्टिस सूर्यकांत को 9 जुलाई 2004 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद 5 अक्टूबर 2018 को उन्हें हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया। लगभग एक साल बाद ही, यानी 24 मई 2019, उन्हें सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। सुप्रीम कोर्ट में वे इस समय सीजेआई भूषण गवई के बाद सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हैं।
अब संभालेंगे देश की सबसे बड़ी न्यायिक जिम्मेदारी न्यायपालिका में चार दशकों के अनुभव के साथ जस्टिस सूर्यकांत अब देश की सर्वोच्च अदालत का नेतृत्व करेंगे। उनके नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट से न्यायिक पारदर्शिता और तेजी की उम्मीद जताई जा रही है।