गूगल सर्च से खुला राज: पहले से रची गई थी हत्या की साजिश
पूर्व DGP ओम प्रकाश की हत्या में पत्नी पल्लवी गिरफ्तार
1 months ago
Written By: State Desk
गूगल सर्च हिस्ट्री अब जुर्म का सबसे बड़ा सबूत बनती जा रही है सूटकेस और ड्रम के बाद गूगल भी हत्या का एक नया तरीका बनकर सामने आया है। ताजा मामला कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) ओम प्रकाश की हत्या का है, जिसमें उनकी पत्नी पल्लवी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पल्लवी ने हत्या से पहले गूगल पर मर्डर के तरीके, जैसी चीजें सर्च की थीं। यह सर्च हिस्ट्री ही अब इस जघन्य वारदात में उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बनकर सामने आई है। घटना उस वक्त की है जब ओम प्रकाश अपने घर में खाना खा रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में पल्लवी ने पहले उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका और जब ओम प्रकाश तड़पते हुए भागने लगे, तो पल्लवी ने चाकू से गर्दन, छाती और पेट पर लगभग 10-12 बार वार किए। बता दें कि इस पूरी वारदात के समय उनकी बेटी कृति भी घर पर मौजूद थी। हत्या के बाद पल्लवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
हत्या का पहले से था प्लान, गूगल पर की गई थी सर्चिंग
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पल्लवी ने हत्या की साजिश पहले से रची थी। उन्होंने गूगल पर गले की नस काटने से मौत कैसे होती है जैसी बातें सर्च की थीं। डिवाइस और सर्च हिस्ट्री की जांच के बाद यह बात सामने आई है। पुलिस का मानना है कि यह एक प्री-प्लांड मर्डर था।
हत्या के बाद मैसेज – एक राक्षस को खत्म कर दिया
वारदात के बाद पल्लवी ने एक वरिष्ठ IPS अधिकारी की पत्नी को मैसेज किया की एक राक्षस को खत्म कर दिया। इसके बाद उन्होंने फोन कर खुद ही हत्या की बात बताई। उसी IPS अधिकारी ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
बेटे की शिकायत पर मां-बेटी पर हत्या का केस
ओम प्रकाश के बेटे कार्तिकेश की शिकायत पर पल्लवी और बेटी कृति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है। कार्तिकेश का कहना है कि उसकी मां पल्लवी पिछले एक सप्ताह से पिता को जान से मारने की धमकियां दे रही थीं। इस कारण ओम प्रकाश अपनी बहन के घर रहने चले गए थे, लेकिन बेटी कृति उन्हें वापस लेकर आ गई थी। कार्तिकेश ने मीडिया से बताया कि उनकी मां मानसिक रूप से बीमार हैं और पिछले 12 सालों से सिजोफ्रेनिया जैसी गंभीर बीमारी का इलाज चल रहा है। उन्होंने पहले एक टीवी चैनल को भी यह जानकारी दी थी।
जायदाद को लेकर विवाद, पुलिस कर रही जांच
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ओम प्रकाश और पल्लवी के बीच प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ओम प्रकाश ने अपनी संपत्ति किसी रिश्तेदार के नाम ट्रांसफर कर दी थी, जिससे विवाद और गहरा गया। वहीं पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या बेटी कृति भी हत्या में शामिल थी।