कश्मीर में लश्कर के 2 आतंकियों के घर तबाह,सर्च ऑपरेशन जारी,
सेना ने कहा-घर में विस्फोटक रखे गए थे वो फट गए
5 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Pahalgam Attack : कश्मीर में शुक्रवार को आतंकवाद से जुड़ी बड़ी घटनाएं सामने आईं। लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े दो आतंकियों के घरों में जबरदस्त धमाका हुआ। बता दें कि ये दोनों आतंकी हाल ही में पहलगाम में हुए टूरिस्ट अटैक में शामिल थे। सेना के सूत्रों के अनुसार, सुबह त्राल इलाके में आतंकी आसिफ शेख के घर और बिजबेहरा, अनंतनाग में आतंकी आदिल ठोकेर के घर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान दोनों घरों में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली। सुरक्षा के लिहाज से जवान पीछे हटे। तभी अचानक दोनों घरों में जोरदार धमाका हो गया। इस धमाके में दोनों मकान पूरी तरह से तबाह हो गए। हालांकि किसी जवान के घायल होने की खबर नहीं है।
बांदीपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी
उधर, बांदीपोरा जिले में शुक्रवार सुबह से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। वहीं इसमें एक आतंकी मारा गया है, जबकि दो जवान घायल हुए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है। माना जा रहा है कि वहां और आतंकी छिपे हो सकते हैं। इसी बीच शुक्रवार सुबह पाकिस्तानी सेना ने फिर से नियंत्रण रेखा (LoC) पर फायरिंग की। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। फायरिंग के कारण सीमावर्ती इलाकों में दहशत का माहौल है। 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकियों ने टूरिस्टों पर हमला कर दिया था। इस हमले में 26 पर्यटकों की जान गई थी और 10 से ज्यादा घायल हुए थे। इस हमले के बाद पूरे कश्मीर में हाई अलर्ट है।
सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंचे
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंच गए हैं। वे पहलगाम जाकर घटनास्थल का दौरा करेंगे और अधिकारियों से मीटिंग करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पहलगाम अटैक में घायल हुए लोगों से मिलने अनंतनाग के लिए रवाना हो गए हैं। इधर, दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह के घर सिंधु जल समझौते पर अहम बैठक हो रही है। भारत ने गुरुवार को पाकिस्तान को इस समझौते को स्थगित करने की जानकारी दे दी थी।