पहलगाम आतंकी हमले का कश्मीरियों के काम-धंधे पर क्या असर?
आंकड़ों में देखें कितना हुआ नुकसान?
6 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Kashmir Tourism: कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला दिया है। इस हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की जान चली गई। यह सिर्फ एक हिंसक घटना नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर की बढ़ती शांति और आर्थिक तरक्की पर गहरी चोट है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब कश्मीर का पर्यटन अपने चरम पर था और राज्य की अर्थव्यवस्था में सुधार देखा जा रहा था। बता दें कि हमले से पहले जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था अच्छी रफ्तार से बढ़ रही थी। वहीं 2024-25 में राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) में 7.06% की वृद्धि का अनुमान था। यह करीब 2.65 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने वाला था। प्रति व्यक्ति आय भी बढ़कर 1.54 लाख रुपये हो रही थी। ये सब शांति और स्थिरता की वजह से संभव हो पाया था। आतंकी घटनाएं भी 2018 के मुकाबले 2023 तक 99% तक घट चुकी थीं।
2024 में 2.36 करोड़ आए थे पर्यटक
पर्यटन इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। GSDP में इसका 7-8% योगदान है। सरकार की योजना थी कि अगले कुछ वर्षों में यह योगदान 15% तक पहुंचे। 2024 में 2.36 करोड़ पर्यटक आए, जिनमें 65,000 विदेशी सैलानी भी थे। श्रीनगर के ट्यूलिप गार्डन में ही 26 दिनों में 8.14 लाख लोग आए थे। लेकिन इस हमले के बाद अब यह सब खतरे में है।
कश्मीर हमले के बाद पर्यटकों की बुकिंग्स में भारी गिरावट
हमले के बाद पर्यटकों की बुकिंग्स रद्द हो रही हैं। कुछ क्षेत्रों में 90% तक बुकिंग्स कैंसिल हो चुकी हैं। खासकर पश्चिम बंगाल से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट आई है। पर्यटन से जुड़े हजारों लोग जैसे टैक्सी ड्राइवर, गाइड, होटल मालिक, हाउस बोट ऑपरेटर और हस्तशिल्प व्यापारी प्रभावित हुए हैं। यह हमला कश्मीर की छवि और पर्यटकों के भरोसे को तोड़ने वाला है। सरकार को तुरंत सुरक्षा बढ़ानी होगी और पर्यटकों का विश्वास दोबारा जीतना होगा, वरना इसका असर लंबे समय तक रहेगा।