बेटी पैदा हुई तो खत्म हो गया रिश्तों का दम,
पति ने उठाया ये खौफनाक कदम
4 days ago
Written By: NEWS DESK
Gender discrimination in India: आज हमारा देश विज्ञान के क्षेत्र में काफी प्रगति कर चुका है। हमारी सेना नित नए आधुनिक सुरक्षा के क्षेत्र में आगे अपने कदम बढ़ा रही है। किंतु आज भी हमारे देश में एक सोच कोढ़ बनी हुई है, जिसका नाम है लैंगिक भेदभाव। तेजी से आगे बढ़ती इस दुनिया में यह भेदभाव आज भी कई लोगों के जी का जंजाल बना हुआ है और इसी सोच के चलते पंजाब में एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। यहाँ एक व्यक्ति ने महज बेटी पैदा होने की वजह से अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटी जन्मी तो पति ने कर दी हत्या
दरअसल ये घटना लुधियाना के जमालपुर इलाके की बताई जा रही है। जहां आरोपी पति अमित कुमार ने अपनी पत्नी प्रियंका की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने बेटी को जन्म दिया था। प्रियंका और अमित की शादी को तीन साल हुए थे और हाल ही में प्रियंका ने एक बच्ची को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के बाद से ही अमित प्रियंका से झगड़ता था और ताना मारता था कि उसे बेटा चाहिए था। आखिरकार गुस्से में आकर अमित ने प्रियंका का गला दबाकर उसकी जान ले ली।
साली को दी झूठी जानकारी
हत्या के बाद आरोपी अमित ने बचने की कोशिश की। उसने ताजपुर रोड इलाके में रहने वाली अपनी साली को फोन कर बताया कि प्रियंका की तबीयत खराब हो गई है। जब प्रियंका के मायके वाले पहुंचे तो उन्होंने देखा कि प्रियंका के गले पर निशान हैं और उसकी मौत हो चुकी है। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रियंका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। मृतका के पिता त्रिभुवन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अमित कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने कबूला जुर्म
जांच के दौरान आरोपी अमित कुमार ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि बेटी के जन्म के बाद वह प्रियंका से नाराज था और बार-बार झगड़ा करता था। बीते दिन झगड़े के दौरान उसने प्रियंका का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
किराए के मकान में रहते थे पति-पत्नी
एसएचओ इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह ने बताया कि आरोपी अमित कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सनौली गांव का निवासी है। वह दिहाड़ी मजदूरी करता था और पत्नी प्रियंका के साथ जमालपुर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।