बारिश से फसल बर्बाद, सरकार से मांगा मुआवजा …
खाते में आए पैसे देखकर पालघर के किसान के उड़ गए होश
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किसान को बेमौसम बारिश से फसल खराब होने पर सरकार की ओर से मुआवजा तो मिला, लेकिन रकम देखकर वह दंग रह गया। वाडा तालुका के शिलोत्तर गांव के रहने वाले किसान बाबूराव पाटिल को सरकार की ओर से सिर्फ 2.30 रुपए का मुआवजा मिला है। किसान ने कहा कि यह रकम देखकर उसके होश उड़ गए। उसने बताया कि उसकी पूरी धान की फसल बारिश में बर्बाद हो गई थी, खेत पानी में डूबे रहे और फसल सड़ गई।
धान की फसल सड़ गई, चारे का संकट भी गहराया किसान बाबूराव पाटिल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण उसकी फसल पूरी तरह चौपट हो गई। खेतों में पानी भर गया, जिससे फसल के साथ-साथ पुआल भी काला पड़ गया। अब पशुओं के लिए चारे की भी भारी कमी हो गई है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े नुकसान के बावजूद उनके खाते में मुआवजे के नाम पर केवल 2.30 रुपए आए, जो किसानों के साथ एक मजाक जैसा है। बाबूराव और उनकी पत्नी-बेटियों के नाम पर करीब 11 एकड़ जमीन है। उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी जमीन पर मेहनत करने के बाद भी अगर इतनी कम मदद मिले तो किसान कैसे जिएगा।
उद्धव ठाकरे ने सरकार पर साधा निशाना इस घटना पर शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पालघर के किसानों को सिर्फ दो रुपये कुछ पैसे मुआवजा देना किसानों का अपमान है। ठाकरे ने मांग की कि राज्य सरकार को तुरंत किसानों के कर्ज माफ करने चाहिए और प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 50,000 की सहायता देनी चाहिए।
कर्जमाफी और मदद को लेकर सियासत तेज उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ मजाक कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ और भारी बारिश से हजारों हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई, लेकिन सरकार सिर्फ वादे कर रही है। ठाकरे ने कहा कि किसानों को राहत देने का वादा अगले साल 30 जून तक का बताया गया है, जो केवल समय निकालने की रणनीति है।