गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और देव दीपावली पर देशभर में उमंग,
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
1 months ago
Written By: Aniket Prajapati
देशभर में आज गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की पवित्र धूम देखने को मिल रही है। इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को मानवता के लिए मार्गदर्शक बताया।
पीएम मोदी बोले – गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता का मार्गदर्शन करती रहें
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा “गुरु नानक देव जी का जीवन और संदेश सदैव मानवता का मार्गदर्शन करते रहते हैं। करुणा, समानता, विनम्रता और सेवा पर आधारित उनकी शिक्षाएं अत्यंत प्रेरक हैं। प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करें कि उनका ब्रह्म प्रकाश हमेशा हमारी पृथ्वी को प्रकाशित करता रहे। पीएम के इस संदेश में गुरु नानक देव जी के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में भाईचारे को बढ़ाने की प्रेरणा झलकती है।
देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा पर भी पीएम मोदी की शुभकामनाएं
गुरु पर्व के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भी देशवासियों को बधाई दी। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा “देश के सभी परिवारजनों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की कोटि-कोटि शुभकामनाएं। भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जुड़ा यह दिव्य अवसर हर किसी के लिए सुख, शांति, आरोग्य और सौभाग्य लेकर आए। पावन स्नान, दान-पुण्य, आरती और पूजन से जुड़ी यह परंपरा सबके जीवन को प्रकाशित करे।” वाराणसी, अमृतसर, हरिद्वार, अयोध्या और प्रयागराज समेत देशभर के तीर्थस्थलों पर आज भव्य दीपोत्सव और गंगा आरती का आयोजन किया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी दी बधाई
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा “गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और समानता, करुणा और सत्य का संदेश संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। आइए, एक न्यायपूर्ण और मानवीय समाज के निर्माण के लिए स्वयं को पुनः समर्पित करें और अपने दैनिक जीवन में पूज्य गुरु जी की महान शिक्षाओं का पालन करें।”
गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व: मानवता, सेवा और एकता का संदेश
गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व न केवल सिख समुदाय बल्कि पूरे भारत के लिए आस्था और प्रेरणा का प्रतीक है। उनकी शिक्षाएं सेवा, समानता, सत्य और भाईचारे पर आधारित हैं, जो आज भी समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव रखती हैं। इस दिन गुरुद्वारों में दीवाली जैसी सजावट, लंगर का आयोजन, और कीर्तन के माध्यम से भक्त गुरु नानक देव जी को नमन करते हैं।