नेपाल के दांग में भारतीय पर्यटकों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, 21 घायल,
टूर पर जा रहे थे अशोक लीलैंड कंपनी के कर्मचारी
12 days ago
Written By: NEWS DESK
सिद्धार्थनगर : लखनऊ से नेपाल के पोखरा जा रही पर्यटकों से भरी बस नेपाल के लमही-कोयलाबास मार्ग स्थित दांग जिले के चिसापानी के पास अनियंत्रित होकर तेज गति से पहाड़ी दीवार से टकरा गई। इस दुर्घटना में 23 भारतीय पर्यटक घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से नेपाली एंबुलेंस से बलरामपुर जिले के तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। सभी घायल पर्यटक अशोक लीलैंड कंपनी के कर्मचारी हैं, जिनमें लखनऊ, बाराबंकी, कानपुर, रायबरेली, हरदोई व सुल्तानपुर के कर्मचारी शामिल हैं।
कंपनी टूर पर जा रहे थे कर्मचारी
लखनऊ से नेपाल के पोखरा जा रही भारतीय पर्यटकों से भरी एक फोर्स बस (यूपी 32 एमएन 9666) गुरुवार रात 11 बजे लखनऊ से निकली थी। शुक्रवार सुबह सभी ने तुलसीपुर स्थित देवीपाटन मंदिर में दर्शन किया। इसके बाद बस पोखरा के लिए रवाना हुई। कोयलाबास बॉर्डर से नेपाल में प्रवेश किया था। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ब्रेक फेल हो जाने के कारण बस दुर्घटनाग्रस्त होकर पहाड़ी दीवार से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 25 भारतीय यात्री घायल हो गए, जिनमें से छह की हालत गंभीर थी। सभी घायलों को नेपाल के गढ़वा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद नेपाल सरकार एवं जय गुरुदेव संगत की एंबुलेंस की मदद से बलरामपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तुलसीपुर में भर्ती कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तुलसीपुर के अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्र ने बताया कि नेपाल दुर्घटना में घायल यात्रियों का समुचित इलाज किया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। घायलों के पहुंचने पर सीएचसी परिसर में अफरातफरी का माहौल हो गया। सभी को तत्काल भर्ती कर इलाज किया गया। गंभीर घायलों को रेफर कर दिया गया। बस चालक अहमद इलियाद से नेपाल पुलिस ने पूछताछ की है।
घायलों में अधिकांश लखनऊ के
नेपाल में हुई दुर्घटना में अधिकतर घायल लखनऊ के निवासी हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्र ने बताया कि बस चालक अहमद इलियाद और सह चालक अब्दुल्ला भी घायल हुए हैं। दुर्घटना में घायल यात्रियों में 38 वर्षीय दिनेश यादव (लखनऊ), आशुतोष तिवारी (45, लखनऊ), राकेश गुप्ता (34, अवध चौराहा, लखनऊ), अरविंद कुमार (45, इंदिरानगर, रायबरेली), राहुल तिवारी (28, हरदोई), राहुल त्रिपाठी (38, रायबरेली), दुर्गेश मिश्र (28, लखनऊ), अयोध्या कुमार (52, सुल्तानपुर) और लल्लन कुमार (35, सुल्तानपुर) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सच्चिदानंद (45, लखनऊ), अतुल शुक्ल (24, बाराबंकी), अनिल श्रीवास्तव (45, लखनऊ), संतू वर्मा (42, कानपुर), प्रमोद मार्य (59, लखनऊ), मनोज वर्मा (35, लखनऊ), अभिषेक तिवारी (38, लखनऊ) और गोविंद दुबे (38, लखनऊ) सहित कुल 23 घायल तुलसीपुर सीएचसी पहुंचे, जिनका उपचार किया गया। अधीक्षक ने बताया कि सभी खतरे से बाहर हैं और इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।घायलों में शामिल रायबरेली निवासी राहुल त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ से अशोक लीलैंड कंपनी द्वारा भेजी गई इस टूर में अलग-अलग जनपदों के 25 लोग शामिल थे।
घर वालों से संपर्क करते रहे परिजन
पहले नेपाल में मोबाइल नेटवर्क न मिलने के कारण परिजन संपर्क नहीं कर सके, लेकिन जब घायल भारतीय क्षेत्र में आए तो उनके मोबाइल फोन घनघनाने लगे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन बेचैन हो गए। सभी घायल जब तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, तो वहां अपने-अपने घर वालों को सुरक्षित होने की सूचना देने लगे। सभी लोग पोखरा घूमने जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में यह हादसा हो गया।