नीतीश कुमार आज 10वीं बार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ… गांधी मैदान में भव्य समारोह,
पीएम मोदी सहित कई राज्यों के सीएम होंगे मौजूद
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
बिहार की राजनीति में आज का दिन बेहद खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 20 नवंबर को सुबह 11.30 बजे अपने 10वें कार्यकाल की शपथ लेंगे। इसके लिए पटना के गांधी मैदान में एक बड़े और भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, बीजेपी के कई शीर्ष नेता और 16 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इस समारोह में दो मंच तैयार किए गए हैं, जहां विशेष मेहमानों और मंत्रियों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई है। पूरा कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह की बड़ी तैयारी गांधी मैदान में नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। सुबह 10.45 बजे पीएम मोदी हेलिकॉप्टर से सीधे गांधी मैदान पहुंचेंगे, जिसके बाद 11 बजे से कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। इसी मंच पर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
कौन-कौन होंगे मंत्री? NDA में बंटा कोटा इस बार कुल 18 मंत्रियों के शपथ लेने की जानकारी सामने आई है। इसमें मुख्यमंत्री सहित जदयू, बीजेपी और सहयोगी दलों के मंत्री शामिल होंगे।
जदयू के 7 मंत्री – विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, जमा खान
बीजेपी के 8 मंत्री – मंगल पांडे, नितिन नवीन, रेणु देवी, संजय सरावगी, रमा निषाद, कृष्ण कुमार ऋषि (अन्य नाम भी चर्चा में)
सहयोगी दलों से 1-1 मंत्री –
लोजपा (रामविलास) से राजू तिवारी
हम पार्टी से संतोष कुमार सुमन
राष्ट्रीय लोक मोर्चा से स्नेहलता कुशवाहा
16 राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में देश के कई प्रमुख राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। इनमें शामिल हैं योगी आदित्यनाथ (UP), मोहन यादव (MP), पुष्कर सिंह धामी (Uttarakhand), चंद्रबाबू नायडू (AP), भजनलाल शर्मा (Rajasthan), देवेंद्र फडणवीस (Maharashtra), कॉनराड संगमा (Meghalaya), मोहन चरण मांझी (Odisha), भूपेंद्र पटेल (Gujarat), प्रमोद सावंत (Goa), रेखा गुप्ता (Delhi), नायब सिंह सैनी (Haryana), हिमंत बिस्वा सरमा (Assam), पेमा खांडू (Arunachal), माणिक साहा (Tripura), एन. बीरेन सिंह (Manipur)।
दो मंच और खास मेहमानों की व्यवस्था गांधी मैदान में दो बड़े मंच तैयार किए गए हैं।
मुख्य मंच – नीतीश कुमार और सभी केंद्रीय तथा राज्यस्तरीय बड़े नेता यहीं बैठेंगे।
दूसरा मंच – इसमें विशेष मेहमानों और आमंत्रित गणमान्य लोगों के लिए व्यवस्था की गई है।
दोनों मंचों पर लगभग 150-150 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और VIP रूट भी बनाया गया है।