मोदी का विपक्ष पर तंज: आज कई की नींद उड़ जाएगी,
विजयन और थरूर की मौजूदगी पर बोले पीएम
2 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
PM Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल में विझिंजम पोर्ट का उद्घाटन किया। यह बंदरगाह केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में बना है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन INDIA पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और कांग्रेस नेता शशि थरूर की मौजूदगी से कई लोगों की नींद उड़ जाएगी। मोदी ने मजाकिया अंदाज़ में कहा मुख्यमंत्री विजयन इंडिया गठबंधन का मजबूत स्तंभ हैं। शशि थरूर भी यहां बैठे हैं। आज का यह कार्यक्रम कई लोगों को रातभर सोने नहीं देगा। हालांकि, मंच पर मौजूद अनुवादक प्रधानमंत्री की बात सही ढंग से नहीं समझा सके। इस पर मोदी ने कहा मैसेज वहां चला गया, जहां जाना था।
देश का पहला डीप-वॉटर ट्रांसशिपमेंट पोर्ट
बता दें कि विझिंजम पोर्ट भारत का पहला गहरा समुद्री कंटेनर ट्रांसशिपमेंट पोर्ट है। इसे अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (APSEZ) ने बनाया है। इसकी लागत करीब ₹8,867 करोड़ है। इस पोर्ट को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर बनाया गया है। वहीं इसमें डिजाइन, निर्माण, वित्त, संचालन और ट्रांसफर (DBFOT) प्रक्रिया अपनाई गई है। इसकी सालाना क्षमता 5 मिलियन TEUs तक है। जुलाई 2024 से शुरू हुए संचालन में अब तक 250 से ज्यादा कंटेनर शिप यहां आ चुकी हैं।
भारत बन रहा समुद्री शक्ति
मोदी ने कहा कि भारत अब दुनिया के टॉप 3 देशों में है, जहां सबसे ज्यादा नाविक (seafarers) हैं। बीते 10 साल में देश के बंदरगाहों की क्षमता दोगुनी हुई है। अब पोर्ट्स की कार्यक्षमता बेहतर हुई है और टर्नअराउंड समय में 30% की कमी आई है। उन्होंने बताया कि यह पोर्ट बड़े कार्गो शिप्स को संभालने में सक्षम है। भारत की अब तक 75% ट्रांसशिपमेंट गतिविधियां विदेशी बंदरगाहों पर होती थीं। इससे देश को काफी ज्यादा राजस्व हानि होती थी। लेकिन अब यह स्थिति बदलेगी, जिससे भारत को लाभ होगा।