राजौरी में तड़के हमला, वरिष्ठ अधिकारी थापा सहित 3 की दर्दनाक मौत,
पाकिस्तान की ओर से भारी गोलीबारी, सीएम उमर ने जताया शोक
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
India Pakistan tensions: शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे जम्मू-कश्मीर के राजौरी शहर में पाकिस्तान की तरफ से अचानक हमला हुआ। इस हमले में एक वरिष्ठ अधिकारी शहीद हो गए। उनके साथ एक बच्चे और एक महिला की भी जान चली गई। यह जानकारी खुद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दी। उन्होंने 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करके दुख जताया।
हमले में थापा की मौके पर ही मौत
राजौरी शहर में शनिवार सुबह अचानक गोलियों और धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी की गई। इस दौरान शहर के कुछ हिस्से निशाना बनाए गए। राजौरी में रहने वाले राज कुमार थापा, जो अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त थे। वह उस समय अपने घर में थें। जब सुबह धमाका हुआ तो वे बाहर निकलकर देखना चाह रहे थे कि क्या हुआ। फिर वे वापस अपने कमरे में चले गए। कुछ ही देर में पाकिस्तान की तरफ से दोबारा गोलाबारी हुई। इस बार थापा का कमरा सीधे निशाने पर आ गया। धमाके से पूरा कमरा टूट गया। अफसोस की बात है कि थापा इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में महिला और बच्चा भी हुए घायल
घटना के समय दो और लोग भी घायल हुए। उनमें एक 8 साल का बच्चा और एक 35 साल की महिला थी। इलाज के दौरान दोनों की भी मौत हो गई। इस हमले से पूरा इलाका दहशत में है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 'एक्स' पर लिखा कि यह बहुत दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि कल ही थापा डिप्टी सीएम के साथ जिले का दौरा कर रहे थे। वे मेरी ऑनलाइन बैठक में भी शामिल हुए थे। उन्होंने आगे लिखा कि थापा एक समर्पित अधिकारी थे। उनकी मौत प्रशासन के लिए बड़ी क्षति है। मैं इस दुख को शब्दों में नहीं बयां कर सकता। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। सेना और पुलिस ने इलाके को घेर लिया है। सेना लोगों को लगातार सुरक्षित स्थानों पर भेज रही है।