RCB ने WPL 2026 से पहले कोचिंग स्टाफ में किया बड़ा बदलाव,
इंग्लैंड की अन्या श्रुबसोल बनीं नई बॉलिंग कोच
1 months ago
Written By: Aniket Prajapati
वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल किया है। फ्रेंचाइज़ी ने इंग्लैंड की पूर्व तेज गेंदबाज अन्या श्रुबसोल को टीम का नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। वे सुनेत्रा परांजपे की जगह लेंगी, जो 2025 सीजन तक इस पद पर थीं। RCB प्रबंधन को उम्मीद है कि अन्या का अंतरराष्ट्रीय अनुभव टीम के युवा गेंदबाजों को नई दिशा देगा।
इंग्लैंड के लिए वर्ल्ड कप जीत चुकी हैं श्रुबसोल
अन्या श्रुबसोल इंग्लैंड महिला टीम की सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रही हैं। उन्होंने 2017 महिला वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। श्रुबसोल ने अपने करियर में 86 वनडे मैचों में 106 विकेट और 79 टी20 इंटरनेशनल में 102 विकेट झटके हैं। साल 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने सदर्न वाइपर्स टीम के साथ बतौर सहायक कोच काम किया, जहां उनकी मेंटर थीं इंग्लैंड की दिग्गज चार्लोट एडवर्ड्स। अब वे RCB के साथ अपनी नई जिम्मेदारी संभालने जा रही हैं।
मलोलन रंगराजन होंगे RCB के हेड कोच
RCB ने WPL 2026 सीजन के लिए अपने मुख्य कोच के रूप में मलोलन रंगराजन को जिम्मेदारी सौंपी है। पिछले सीजन के कोच ल्यूक विलियम्स अब बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ जुड़ गए हैं, इसलिए इस बार वे टीम का हिस्सा नहीं होंगे। बताया जा रहा है कि WPL 2026 का आयोजन 8 जनवरी से फरवरी के बीच कराया जाएगा, क्योंकि इसी साल पुरुष टी20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है।
स्मृति मंधाना की कप्तानी में RCB ने जीता था WPL 2024 का खिताब
RCB ने स्मृति मंधाना की अगुवाई में WPL 2024 का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। हालांकि पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वह चौथे स्थान पर रही थी। टीम में मंधाना के साथ एलिस पेरी, ऋचा घोष, सोफी मोलिनक्स और श्रेयंका पाटिल जैसी स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। माना जा रहा है कि आगामी ऑक्शन से पहले RCB इन खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है।
RCB की पिछली सीजन की परफॉर्मेंस
WPL 2025 की प्वाइंट्स टेबल में RCB चौथे स्थान पर रही थी। टीम ने 8 मुकाबलों में से 3 जीते और 5 हारे, जिससे वह नॉकआउट में जगह नहीं बना पाई। अब नए कोचिंग स्टाफ के साथ RCB की नजरें एक बार फिर खिताब जीतने पर होंगी।