चेन्नई से कोलंबो आई श्रीलंका एयरलाइंस की फ्लाइट में संदिग्ध की तलाश,
इस घटना से जुड़े टेररिस्ट के जुड़े होने का संदेह
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
SriLankan Airlines Flight Alert : 3 मई शनिवार को श्रीलंका एयरलाइंस की एक फ्लाइट में बड़ा अलर्ट मिला। ये फ्लाइट चेन्नई से कोलंबो पहुंची थी। सूचना मिलने पर श्रीलंका पुलिस ने फ्लाइट में सघन तलाशी ली। यह घटना तब हुई जब श्रीलंका एयरलाइंस की फ्लाइट UL 122 चेन्नई से कोलंबो पहुंची थी। स्थानीय समय के मुताबिक, यह फ्लाइट सुबह 11:59 बजे कोलंबो में उतरी थी। चेन्नई एरिया कंट्रोल सेंटर से अलर्ट मिला था कि इस फ्लाइट में एक वांछित संदिग्ध हो सकता है। यह व्यक्ति भारत में वांछित है और उसके आतंकवाद से संबंध होने की आशंका है।
पहलगाम हमले से जुड़ सकता है लिंक
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका पुलिस को शक था कि यह संदिग्ध जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले से जुड़ा हो सकता है। यह हमला 22 अप्रैल को हुआ था। उस दिन बैसारन घाटी में कुछ बंदूकधारियों ने पर्यटकों पर फायरिंग की थी। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी।
फ्लाइट में पूरी जांच, अगली उड़ान में देरी
बताया जा रहा है कि श्रीलंका एयरलाइंस ने फ्लाइट UL 122 की पूरी तरह जांच की। उसके बाद फ्लाइट को क्लियर किया गया। हालांकि, इससे अगली फ्लाइट UL 308 (कोलंबो से सिंगापुर) में देरी हुई।
भारत की सख्त कार्रवाई
इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। भारत ने पाकिस्तान के साथ अपने डिप्लोमेटिक संबंधों को घटा दिया। इसका मतलब है कि दोनों देशों के बीच सरकारी स्तर पर बातचीत और संपर्क में कमी की जाएगी। इसके साथ ही इंडस वॉटर ट्रीटी को निलंबित कर दिया है। इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के पानी का वितरण तय किया गया था। निलंबन का मतलब है कि अब पाकिस्तान को इन नदियों के पानी का इस्तेमाल करने में कठिनाई हो सकती है।