मंगलुरु में हिन्दू कार्यकर्ता सुहास शेट्टी मर्डर केस में 8 आरोपी गिरफ्तार,
CCTV में कैद हुई घटना
4 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Suhas Shetty Murder Case : कर्नाटक के मंगलुरु में हिन्दू कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को गृह मंत्री जी परमेश्वर ने इस घटना की जानकारी दी। शुक्रवार को गृह मंत्री ने पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल, डिप्टी कमिश्नर मुलाई मुहिलन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। जानकारी के अनुसार, हत्या की यह वारदात गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई। यह हमला बाजपे थाना क्षेत्र के किन्नीपदावु गांव में हुआ।
राउडी शीटर सुहास शेट्टी की हत्या
दरसअल, सुहास शेट्टी एक जाना-पहचाना राउडी शीटर था। वह फाज़िल हत्याकांड का मुख्य आरोपी भी था। बता दें कि हमला तब हुआ जब वह पांच लोगों के साथ यात्रा कर रहा था। पांच छह हमलावरों ने उसकी गाड़ी रोककर उस पर तलवार और माछेटी से हमला कर दिया। वहीं यह पूरा मामला CCTV में रिकॉर्ड हो गया है। घायल युवक को एजे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तीन गाड़ियां ज़ब्त कीं। वहीं एक कार से हथियार भी मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर पहले से ही उसे निशाना बनाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि टारगेट किलर नाम के एक इंस्टाग्राम पेज से उसे धमकियां मिली थीं।
BJP ने की NIA जांच की मांग
BJP सांसद और राज्य सचिव बृजेश चौटा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की कि इस घटना की जांच NIA को सौंपी जाए।
बंटवाल में हुआ अंतिम संस्कार
शनिवार को सुहास शेट्टी का अंतिम संस्कार उसके गांव बंटवाल में किया गया। बड़ी संख्या में हिन्दू कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और बीजेपी नेता शामिल हुए। विश्व हिन्दू परिषद ने शुक्रवार को बंद बुलाया था। मंगलुरु और आस पास की दुकानें बंद रहीं। कुछ संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने दुकानदारों से एहतियातन दुकानें बंद कराईं। केएसआरटीसी ने उपनगरों के लिए बस सेवाएं रोक दीं। पंपवेल और कंकनाडी में कुछ बसों पर पथराव हुआ। वहीं मुल्की और नानथूर में निजी बसों पर भी हमले हुए। सरकार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।