पाकिस्तान पर छक्का लगाकर दिलाई जीत,
सूर्यकुमार यादव बने धोनी-रोहित के बाद तीसरे…
4 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Suryakumar Yadav: एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और इस जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव ने बतौर कप्तान एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। सूर्या पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में कप्तानी कर रहे थे और उन्होंने पहले ही मैच में टीम को शानदार जीत दिलाई। खास बात यह है कि जो काम विराट कोहली अपनी कप्तानी में नहीं कर पाए, वही सूर्या ने कर दिखाया। इस जीत के साथ सूर्यकुमार भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ टी20 मैच जीतने वाले तीसरे कप्तान बन गए हैं। उनसे पहले सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा यह कारनामा कर पाए थे।
पाकिस्तान के खिलाफ कप्तानी में जीत पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में सूर्यकुमार यादव पहली बार कप्तानी कर रहे थे। इस जीत से पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 4 मैच खेले थे जिसमें से 3 में जीत मिली थी। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने पाकिस्तान के खिलाफ 8 बार कप्तानी की और 7 मैच भारत के नाम रहे। लेकिन विराट कोहली अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को कभी टी20 में हरा नहीं पाए। 2021 में उनकी कप्तानी में भारत को पाकिस्तान ने 10 विकेट से हराया था।
छक्का लगाकर दिलाई जीत मैच में पाकिस्तान की टीम भारतीय स्पिनरों के आगे ढेर हो गई। कुलदीप यादव ने तीन विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल और वरूण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट हासिल किए। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन ही बना सकी। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंद में नाबाद 47 रन बनाए और आखिरी में छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने मैच खत्म होते ही सीधे डगआउट की राह पकड़ी। अभिषेक शर्मा ने 12 गेंद में 31 रन ठोककर शाहीन अफरीदी की जमकर खबर ली।
जीत को बताया रिटर्न गिफ्ट अपना 35वां जन्मदिन मना रहे सूर्यकुमार ने जीत को खास बताया। उन्होंने कहा कि यह उनके जन्मदिन पर देशवासियों के लिए ‘रिटर्न गिफ्ट’ है। सूर्या ने कहा, हम हर विपक्षी के खिलाफ एक जैसी रणनीति बनाते हैं। मैं हमेशा चाहता हूं कि अंत तक क्रीज पर खड़ा रहूं और आज मैच खत्म कर खुशी मिली। साथ ही उन्होंने कहा कि टीम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़ी है और यह जीत सशस्त्र बलों को समर्पित है।