मुंबई में हुआ लोकल ट्रेन हादसा, यात्रियों के गिरने से 4 की मौत 6 घायल,
शिवसेना सांसद ने की हादसे की जांच की मांग
8 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Thane Local Train Accident 2025: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। सुबह की भीड़भाड़ के समय कसारा जा रही लोकल ट्रेन में सवार यात्रियों के गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और छह गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक जीआरपी (रेलवे पुलिस) कांस्टेबल भी शामिल है। हादसा दीवा और कोपर स्टेशनों के बीच हुआ, जब दो विपरीत दिशा से जा रही ट्रेनों में लटक रहे यात्री आपस में टकरा गए। बता दें कि इस टक्कर के बाद कम से कम 12 लोग चलती ट्रेन से नीचे गिर गए।
चलती ट्रेन से गिरे 12 यात्री
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। ट्रेन के गार्ड ने सुबह करीब 9:30 बजे रेलवे अधिकारियों को सूचना दी और 9:50 बजे तक घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया। चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान केतन सरोज, राहुल गुप्ता, मयूर शाह और जीआरपी कांस्टेबल विक्की मुख्याड़ के रूप में हुई है। घायल छह लोगों में चार पुरुष और दो महिलाएं हैं, जिन्हें शिवाजी अस्पताल और ठाणे जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
CM फडणवीस ने हादसे को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने भी शोक व्यक्त किया और कहा कि यह घटना मुंबई की लोकल ट्रेनों में भीड़ और सुरक्षा की गंभीर स्थिति की याद दिलाती है। शिंदे ने कहा कि घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी और मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नील ने साफ किया कि हादसे का संबंध पुष्पक एक्सप्रेस से नहीं है। उन्होंने बताया कि आठ लोग पटरी पर मिले, और एक घायल यात्री ने बताया कि दोनों ट्रेनों के यात्रियों के बीच टकराव के बाद वह गिर पड़े।
शिवसेना सांसद ने हादसे की गहन जांच की मांग
ठाणे से शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने हादसे की गहन जांच की मांग की है, वहीं विपक्ष के नेता अम्बादास डानवे ने रेलवे प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। रेलवे उपभोक्ता संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने भीड़भाड़ के बावजूद उपाय न करने पर रेल प्रशासन की आलोचना की है।