UPSC CSE 2024 Result: प्रयागराज की शक्ति दुबे बनीं यूपीएससी टॉपर,
तीसरे अटेम्पट में रच दिया इतिहास
8 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
UPSC CSE 2024 Result:: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का फाइनल रिजल्ट आज, 22 अप्रैल 2025 को घोषित कर दिया है। इस बार प्रयागराज की रहने वाली शक्ति दुबे ने परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने सभी उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए टॉप किया है। शक्ति की इस ऐतिहासिक सफलता से शहर और परिवार में खुशी की लहर है। उम्मीदवार अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। रिजल्ट पीडीएफ फॉर्म में जारी किया गया है, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है। शक्ति दुबे ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में पहला स्थान हासिल किया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 22 अप्रैल 2025 को परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी किया।इस साल कुल 1009 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। ये चयन IAS, IPS, IFS और अन्य केंद्रीय सेवाओं के लिए हुआ है। बता दें कि कुल 1132 सीटें थीं, जिनमें से 241 का रिजल्ट फिलहाल रोका गया है।
बायोकैमेस्ट्री में एमएससी के बाद चुना सिविल सेवा का रास्ता
शक्ति दुबे की शिक्षा इलाहाबाद यूनिवर्सिटी और BHU से हुई है। उन्होंने बायोकैमेस्ट्री में एमएससी किया है। 2018 में पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। शक्ति की मेहनत, लगन और धैर्य ने उन्हें यह सफलता दिलाई। शक्ति की उपलब्धि से प्रयागराज ही नहीं, पूरा देश गर्वित है। वहीं सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। लाखों UPSC उम्मीदवारों के लिए वह आज प्रेरणा बन गई हैं।
लड़कियों का जलवा, टॉप पर कब्जा
इस बार टॉप 10 सूची में कुल 6 लड़के और 4 लड़कियां शामिल हैं। हालांकि, पहला स्थान एक लड़की ने ही पाया है। शक्ति दुबे इस बार की टॉपर बनी हैं। उनके अलावा हर्षिता गोयल, कोमल पूनिया और आयुषी बंसल जैसी लड़कियां भी टॉप 10 में शामिल हैं।
टॉप 10 कैंडिडेट्स की सूची-
- शक्ति दुबे
- हर्षिता गोयल
- डोंगरे आर्चित पराग
- शाह मार्गी चिराग
- आकाश गर्ग
- कोमल पूनिया
- आयुषी बंसल
- राज कृष्णा झा
- आदित्य विक्रम अग्रवाल
- मयंक त्रिपाठी
UPSC 2024: कुल 1009 उम्मीदवार हुए सफल
UPSC की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस बार कुल 1009 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। इनमें 335 उम्मीदवार सामान्य वर्ग से, 109 ईडब्ल्यूएस, 318 ओबीसी, 160 एससी और 87 एसटी वर्ग से हैं। सिविल सेवा परीक्षा 2024 के इंटरव्यू जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच आयोजित किए गए थे। इंटरव्यू में सफल हुए उम्मीदवारों की यह अंतिम सूची जारी की गई है।
ऐसे करें रिजल्ट चेक:
- सबसे पहले upsc.gov.in वेबसाइट खोलें।
- अंतिम परिणाम: सिविल सेवा परीक्षा 2024 लिंक पर क्लिक करें।
- पीडीएफ फॉर्म खुलेगा जिसमें रिजल्ट होगा।
- इसे डाउनलोड भी कर सकते हैं और प्रिंट भी निकाल सकते हैं।