13 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू, पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा:
बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी ने किया कमाल
10 days ago
Written By: Special Desk
बिहार के छोटे से गांव ताजपुर से निकले 13 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कर दिखाया है, जिसे सुनकर कोई भी हैरान रह जाएगा। शनिवार को राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए जब उन्होंने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ आईपीएल में डेब्यू किया, तो पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर इतिहास रच दिया। वो आईपीएल इतिहास में डेब्यू मैच की पहली ही गेंद पर छक्का मारने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए।
बचपन में ही पकड़ ली थी बल्ले की पकड़
वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर गांव में हुआ। चार साल की उम्र में ही क्रिकेट खेलने लगे थे। उनके पिता संजीव सूर्यवंशी किसान हैं, लेकिन बेटे के क्रिकेट के जुनून को देखकर उन्होंने घर के पीछे एक छोटा मैदान तैयार कर दिया। वहीं से शुरू हुई वैभव की क्रिकेट यात्रा। 9 साल की उम्र में समस्तीपुर के एक क्रिकेट अकादमी में उनका दाखिला हुआ। फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
मनीष ओझा से सीखा क्रिकेट, अंडर-19 तक पहुंचा बच्चा खिलाड़ी
अंडर-16 ट्रायल में उम्र कम होने की वजह से स्टैंडबाय पर रखा गया। लेकिन उसी दौरान उन्हें बिहार के पूर्व रणजी खिलाड़ी मनीष ओझा से ट्रेनिंग करने का मौका मिला। यहीं से वैभव की बल्लेबाज़ी में निखार आना शुरू हुआ। वैभव ने मीडिया से बातचीत में कहा, "आज जो कुछ भी हूं, मनीष सर की वजह से हूं।"
12 साल की उम्र में रणजी डेब्यू, रिकॉर्ड अपने नाम
जनवरी 2024 में उन्होंने बिहार की रणजी ट्रॉफी टीम के लिए मुंबई के खिलाफ डेब्यू किया। उस समय उनकी उम्र थी 12 साल और 284 दिन। वो भारत के इतिहास में चौथे सबसे कम उम्र में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले सिर्फ अलीमुद्दीन, एसके बोस और मोहम्मद रमज़ान ही उनसे कम उम्र में खेले हैं।
अंडर-19 टेस्ट में 62 गेंदों में शतक, फिर भी नहीं रुके
सितंबर 2024 में भारत की अंडर-19 टीम की ओर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में खेले गए यूथ टेस्ट में उन्होंने 62 गेंदों में 104 रनों की पारी खेली। 13 साल की उम्र में यूथ टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज शतक उनके नाम दर्ज हो गया।
विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे युवा डेब्यू, फिर फिफ्टी
विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू किया। उम्र थी 13 साल 269 दिन। बड़ौदा के खिलाफ उन्होंने 42 गेंदों पर 71 रन ठोक दिए और लिस्ट-ए क्रिकेट में फिफ्टी बनाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बन गए।
आईपीएल में पहला ही मैच धमाकेदार, डेब्यू की पहली गेंद पर छक्का
राजस्थान रॉयल्स ने 2025 की नीलामी में वैभव पर भरोसा जताया। और जैसे ही लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ डेब्यू मिला, उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर सभी को चौंका दिया। 20 गेंदों में 34 रन बनाए, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे। हालांकि वो ऋषभ पंत द्वारा स्टंप आउट हो गए, और आईपीएल डेब्यू पर स्टंप आउट होने वाले 11वें खिलाड़ी भी बन गए।
कौन हैं वैभव सूर्यवंशी? पिता किसान, बेटा क्रिकेटर
वैभव के पिता संजीव ने मीडिया से बताया, "ट्रायल्स के दौरान विक्रम राठौड़ सर ने कहा कि एक ओवर में 17 रन चाहिए। वैभव ने तीन छक्के मार दिए। ट्रायल्स में ही उसने आठ छक्के और चार चौके मारे थे।" वैभव ब्रायन लारा को अपना आदर्श मानते हैं। उनकी बल्लेबाज़ी में गजब की आक्रामकता और आत्मविश्वास है। उन्होंने 12 साल की उम्र में वीनू मांकड़ ट्रॉफी में 5 मैचों में करीब 400 रन बनाए थे।