छठ पर रेलवे का सुपर गिफ्ट: पटना से दिल्ली सिर्फ 11 घंटे में,
राजधानी एक्सप्रेस भी रह जाएगी पीछे
7 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Vande Bharat : भारतीय रेलवे इस बार छठ पर्व पर बिहारवासियों को बड़ा तोहफ़ा देने जा रहा है। देश की पहली वंदेभारत स्लीपर ट्रेन अगले महीने से पटना से शुरू होने वाली है। यह बिहार के लिए गर्व की बात होगी, क्योंकि फिलहाल यह देश का इकलौता राज्य है, जहां वंदेभारत, अमृतभारत और नमोभारत तीनों ट्रेनें चल रही हैं। यात्रियों को शाही सफर का अनुभव कराते हुए यह ट्रेन पटना से दिल्ली के बीच तेज और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराएगी। फिलहाल दिल्ली पहुँचने में करीब 23 घंटे लगते हैं, लेकिन नई स्लीपर वंदेभारत इस दूरी को केवल 11.30 घंटे में पूरी करेगी।
पटना से दिल्ली मात्र 11.30 घंटे में
यह स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस पटना से रात 8 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं वापसी में यह ट्रेन दिल्ली से शाम 5 बजे चलेगी और सुबह 6:30 बजे पटना पहुंच जाएगी। प्रयागराज के रास्ते चलने वाली यह ट्रेन 1000 किलोमीटर की दूरी सिर्फ साढ़े 11 घंटे में पूरी करेगी। इसकी अधिकतम रफ्तार 180 किमी प्रति घंटा होगी। हालांकि, रेलवे ने अभी तक इसके रूट को अंतिम रूप नहीं दिया है।
किराया और चुनावी सीजन में राहत
जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन का किराया राजधानी एक्सप्रेस से 10-15% ज्यादा हो सकता है। संभावना है कि यात्रियों को 2000 से 3000 रुपये तक किराया देना पड़ सकता है। यह हवाई जहाज से काफी सस्ता होगा, लेकिन अनुभव लगभग फ्लाइट जैसा होगा। दिल्ली-पटना रूट पर हमेशा भारी भीड़ रहती है, ऐसे में त्योहारी सीजन और बिहार चुनाव के समय यह ट्रेन यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी।
स्लीपर कोच से मिलेगा हवाई जहाज जैसा अनुभव
यह वंदेभारत मौजूदा ट्रेनों से अलग होगी क्योंकि इसमें 24 स्लीपर कोच होंगे। इनमें एसी फर्स्ट क्लास, टू-टियर और थ्री-टियर स्लीपर बर्थ होंगी। ट्रेन में सॉफ्ट लाइटिंग, ऑटोमेटिक दरवाजे, बायो-टॉयलेट, सीसीटीवी, एलईडी स्क्रीन और आधुनिक इंटीरियर होंगे। सुरक्षा के लिए कवच सिस्टम, क्रैश-प्रूफ डिजाइन और एंटी-क्लाइंबर फीचर्स जोड़े गए हैं। इससे यात्रा न सिर्फ तेज बल्कि सुरक्षित भी होगी।
फर्स्ट एसी में मिलेंगी अतिरिक्त सुविधाएं
फर्स्ट एसी कोच में यात्रियों को सबसे ज्यादा सुविधा दी जाएगी। इनमें गद्देदार बर्थ, खास भोजन व्यवस्था और अधिक अटेंडेंट रहेंगे। फ्लाइट जैसी सुविधाएं देने की कोशिश होगी। इसके अलावा, यहां यात्रियों के लिए गर्म पानी से शॉवर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस तरह वंदेभारत स्लीपर ट्रेन यात्रियों के लिए आराम और लक्जरी दोनों का मेल होगी।