लखनऊ में दशहरे पर कांग्रेस का अनोखा पोस्टर,
राहुल गांधी को बताया भगवान राम
22 days ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दशहरे के मौके पर कांग्रेस कार्यालय के बाहर एक अनोखा और चर्चित पोस्टर लगाया गया, जिसने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। दरअसल इस पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भगवान राम के रूप में दर्शाया गया है, जो हाथ में धनुष-बाण लेकर रावण पर निशाना साधते दिखाई दे रहे हैं।
रावण के दस सिरों पर राजनीति और समाज के मुद्दे पोस्टर में रावण के दस सिरों पर महंगाई, जंगलराज, भ्रष्टाचार, ईडी, वोट चोरी, चुनाव आयोग, सीबीआई, बेरोजगारी, पेपर लीक और तानाशाही जैसे मुद्दे लिखे गए हैं। कांग्रेस कार्यालय के बाहर यह पोस्टर प्रतीकात्मक रूप से मौजूदा हालात और बीजेपी सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के गुस्से को दर्शाता है।
कांग्रेस नेताओं का प्रतीकात्मक संदेश इस पोस्टर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लक्ष्मण के रूप में दिखाया गया है, जो राहुल गांधी के साथ खड़े हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जैसे भगवान राम ने रावण का वध कर अधर्म पर धर्म की जीत सुनिश्चित की थी, वैसे ही कांग्रेस जनता की समस्याओं को खत्म कर बदलाव लाने का काम करेगी।
बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ अभियान पोस्टर लगाने वाले आर्यन मिश्रा ने बताया है कि राहुल गांधी ही आज के असली राम हैं, जो महंगाई और बेरोजगारी जैसी बुराइयों के खिलाफ लड़ रहे हैं। उनका मानना है कि कांग्रेस ही वह ताकत है जो वर्तमान राजनीतिक तानाशाही को समाप्त कर सकती है।
चुनावी माहौल में कांग्रेस का आक्रामक तेवर दरअसल दशहरे जैसे धार्मिक पर्व पर राजनीतिक पोस्टर लगाए जाने को लेकर विपक्षी दलों से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ सकती हैं। हालांकि, कांग्रेस समर्थकों का मानना है कि इस तरह के प्रतीकात्मक पोस्टर जनता तक बेहतर संदेश पहुंचाते हैं और पार्टी की सोच को साफ तरीके से सामने रखते हैं। लखनऊ में लगाए गए इस पोस्टर ने धार्मिक प्रतीकवाद और राजनीतिक संदेश को जोड़ते हुए चुनावी माहौल में कांग्रेस के आक्रामक तेवर को भी उजागर किया है।