घर जैसा लगता है पाकिस्तान…
सैम पित्रोदा के बयान पर मचा सियासी घमासान
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
ओवरसीज इंडियन कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने हाल ही में एक बयान दिया जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें पाकिस्तान घर जैसा लगता है। इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं। भारतीय जनता पार्टी ने पित्रोदा के साथ-साथ कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। वहीं, विश्व हिंदू परिषद ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दर्ज करते हुए कांग्रेस पर सीधा हमला बोला।
विश्व हिंदू परिषद का कड़ा रुख वहीं, विश्व हिंदू परिषद ने पित्रोदा को कांग्रेस का "विदेशी चेहरा" करार दिया। संगठन ने कहा कि पित्रोदा का यह बयान कांग्रेस पार्टी की भारत विरोधी सोच को दर्शाता है। विहिप का कहना है कि, पाकिस्तान में जहां हिंदुओं की हत्याएं सामान्य बात हों, जहां आतंकवाद की फैक्ट्रियां फल-फूल रही हों और जहां हर पल भारत व हिंदू विरोधी बातें होती हों, वहां पित्रोदा को घर जैसा महसूस होना कोई अचरज की बात नहीं है।
विनोद बंसल का सोशल मीडिया पर हमला विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखते हुए कांग्रेस और सैम पित्रोदा पर करारा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि सैम पित्रोदा कहते हैं कि "पाकिस्तान में मुझे घर जैसा लगा" तो इसमें आश्चर्य कैसा, क्योंकि कांग्रेस के पूर्वजों का पाकिस्तान के निर्माण में योगदान रहा है और वहीं के प्रति उनका झुकाव सदैव दिखाई देता रहा है। विनोद बंसल ने अपने पोस्ट में विस्तार से बताया कि, पाकिस्तान ने किस तरह भारत के खिलाफ काम किए। उन्होंने कहा कि यही वह देश है जिसने भारत पर 26/11 जैसे आतंकी हमले किए, पहलगाम जैसे नरसंहार कराए और लगातार सीमाओं पर गोलीबारी करता रहा। पाकिस्तान ने कई बार हमारे मंदिरों, तीर्थस्थलों और धर्मावलंबियों को निशाना बनाया और कश्मीर पर लगातार कब्जा जमाए रखने की कोशिश की।
सीएए कानून का संदर्भ बंसल ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले और अमानवीय अत्याचारों की वजह से भारत को नागरिकता संशोधन कानून जैसे कदम उठाने पड़े। विहिप का मानना है कि ऐसे हालात के देश को घर जैसा बताना कहीं न कहीं कांग्रेस की सोच को भी उजागर करता है। विनोद बंसल ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी बड़ा प्रश्न उठाया। उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा के बयान के बाद आखिर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और अन्य नेता चुप क्यों हैं। उनका सवाल था कि क्या इन नेताओं को भी पित्रोदा के विचारों से सहमति है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह चुप्पी कहीं कांग्रेस की स्वीकारोक्ति तो नहीं।
कांग्रेस की सोच पर उठते प्रश्न विहिप प्रवक्ता ने यह तक कहा कि राहुल गांधी कुछ दिन पहले कह चुके थे कि उन्हें भारतीय राज्य से लड़ना है। इसे जोड़ते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस अब भारत की संप्रभुता के खिलाफ खड़ी है। उनके अनुसार, पित्रोदा का यह बयान केवल एक निजी विचार नहीं बल्कि कांग्रेस की गहरी सोच का आईना है, जिसे हर भारतीय को समझना चाहिए।