सपाइयों को पीटने की धमकी पर बवाल! संगीत सोम VS अखिलेश की जंग तेज़,
अखिलेश बोले- कुछ भी हुआ तो CM जिम्मेदार
16 days ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के राणा सांगा को लेकर दिए गए विवादित बयान और उनके आगरा आवास पर हमले के बाद यह मामला एक बार फिर गर्मा गया है। इस मामले में एक ओर जहां सपा नेता राम गोपाल यादव ने इसके विरोध में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने की बात कही है, वहीं भाजपा के एक पूर्व विधायक संगीत सोम के विवादित बयान के बाद बवाल बढ़ गया है। जिसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इसका कड़े शब्दों में जवाब दिया है।
आंदोलन की चेतावनी…
दरअसल सपा राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने रामजी लाल सुमन की टिप्पणी के बाद उनके घर हुए हमले को लेकर आंदोलन करने की बात कही थी। यहां राम गोपाल यादव सपा सांसद के घर पहुंचे थे, जहां उन्होंने उनके बेटे और बहू से मुलाक़ात की। जिसके बाद इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा था कि ईद के बाद प्रदेशभर में इसके विरोध में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिसके बाद इस मामले को लेकर विवाद बढ़ गया।
सपाइयों को दौड़कर पीटेंगे सनातनी…
जिसके बाद यहां अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले BJP नेता संगीत सोम ने सपा नेता रामगोपाल यादव के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘आंदोलन करने वालों को सनातनी दौड़ा-दौड़ाकर पीटेंगे।’ उन्होंने राम गोपाल यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि “रामगोपाल यादव समेत सभी सपाइयों को सड़कों पर पीटा जाएगा। सभी सनातनी इन लोगों को सड़कों पर पीटेंगे... धरना प्रदर्शन करके तो देखें।” उन्होंने आगे यह भी कहा कि “सपा नेताओं की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। उनके अंदर औरंगजेब जैसे आक्रांताओं की आत्मा प्रवेश कर चुकी है।”
हर घटना के CM होंगे जिम्मेदार…
जिसके बाद इस पूरी घटना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस पर कड़ा जवाब दिया है। मामले पर आग-बबूला हुए अखिलेश यादव ने कहा कि "अगर रामजी लाल सुमन के साथ या किसी भी सपा नेता के साथ कोई घटना होती है, तो उसके लिए जिम्मेदार खुद मुख्यमंत्री होंगे, क्योंकि सीएम खुद उस संगठन पर हाथ रखे हुए हैं।” वहीं सपा प्रमुख के इस बयान के बाद राजधानी में सियासी तापमान बढ़ गया है।