पंचायत चुनावों में भाग नहीं लेगी समाजवादी पार्टी…
शिवपाल यादव ने किया बड़ा ऐलान
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी ने एक बड़ा फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने साफ कर दिया है कि सपा ग्राम सभा सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी। पार्टी का कहना है कि उसका पूरा फोकस अब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर है।
गोरादयालपुर में दिया बयान
दरअसल शिवपाल यादव शनिवार को इटावा जिले के बसरेहर ब्लॉक के गोरादयालपुर गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूर्व प्रधान जुगराज सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण किया। इसी दौरान जब पत्रकारों ने उनसे पंचायत चुनाव पर सवाल किया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि सपा अब ग्राम सभा और बीडीसी चुनाव में उतरने के मूड में नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को लेकर पार्टी जल्द निर्णय ले सकती है।
विधानसभा चुनाव पर पूरी नजर
सपा महासचिव ने कहा कि पार्टी की निगाह अब 2027 के विधानसभा चुनाव पर टिकी है। कई सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पहले ही तय किए जा चुके हैं और बाकी सीटों को लेकर मंथन जारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और विपक्षी दलों को बढ़त से रोकना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।
योगी सरकार पर हमला
वहीं शिवपाल यादव ने इस मौके पर योगी आदित्यनाथ सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की हालत बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा सवालों के घेरे में है। प्रतिदिन हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार लापरवाह बनी हुई है। उन्होंने अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि जब एक मशहूर हस्ती सुरक्षित नहीं है, तो आम महिलाएं खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगी।
राजनीतिक रणनीति का हिस्सा
सपा का पंचायत चुनाव से दूर रहने का फैसला राजनीतिक रूप से बड़ी रणनीतिक चाल मानी जा रही है। विश्लेषकों का मानना है कि इस कदम से सपा अपने संसाधन और ताकत विधानसभा चुनाव की तैयारी में झोंक सकेगी। वहीं, कांग्रेस पहले से पंचायत चुनाव की तैयारी कर रही है और सीटों के बंटवारे को लेकर सपा पर दबाव भी बना चुकी है। अब सपा की दूरी से कांग्रेस को मैदान में अकेले ताकत दिखाने का मौका मिल सकता है।
इसे भी देंखें...