भारत में भी नेपाल जैसे हालात...
कांग्रेस नेता के बयान से मचा सियासी घमासान
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
कांग्रेस नेता उदित राज के सोशल मीडिया पोस्ट पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उदित राज ने नेपाल की हालिया उथल-पुथल का जिक्र करते हुए लिखा था कि भारत में भी परिस्थितियां वैसी ही हैं, लेकिन यहां का संविधान ऐसा होने से रोकता है।
उदित राज ने क्या कहा
वहीं कांग्रेस के दलित चेहरे माने जाने वाले उदित राज ने एक्स पर लिखा, “लोग चर्चा कर रहे हैं कि नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश की तरह क्या भारत में भी सत्ता परिवर्तन संभव है। वास्तव में हालात मिलते-जुलते हैं, लेकिन हमारा संविधान ऐसा करने से रोकता है। लोकतंत्र की गहरी जड़ें कांग्रेस ने ही डाली हैं।”
सीआर केसवन का जवाब
बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने उदित राज पर पलटवार करते हुए पोस्ट किया, “कांग्रेस नेता का यह बयान खतरनाक और देशविरोधी है। यह अशांति भड़काने की कोशिश है। कांग्रेस हमेशा से डॉ. अंबेडकर के संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा रही है। 1975 में कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी। यह बयान उसी मानसिकता को दर्शाता है।”
कौन हैं सीआर केसवन
आपको बताते चलें कि, सीआर केसवन देश के पहले गवर्नर जनरल सी. राजगोपालाचारी के पड़पोते हैं। वे अप्रैल 2023 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। इस्तीफा देते वक्त उन्होंने कहा था कि कांग्रेस अब अपने मूल्यों से पूरी तरह भटक चुकी है। केसवन 2001 से कांग्रेस के साथ थे।
नेपाल में क्या हुआ
नेपाल में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सोशल मीडिया पर पाबंदी के खिलाफ ज़ेन जेड आंदोलन उग्र हो चुका है। इसके दबाव में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने 9 सितंबर को इस्तीफा दे दिया। कई मंत्री और सांसद भी पद छोड़ चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने संसद, सुप्रीम कोर्ट और कई इमारतों में आगजनी की और बड़े पैमाने पर लूटपाट हुई। फिलहाल सेना ने हालात संभाल लिए हैं और पूर्व चीफ जस्टिस सुशील कार्की के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनाने की कोशिश चल रही है।