भोजपुरी स्टार पवन सिंह आज करेंगे मुजफ्फरपुर में शक्ति प्रदर्शन,
शाहनवाज हुसैन संग 50 KM का रोड शो
1 months ago Written By: Aniket Prajapati
मुजफ्फरपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के रण में आज भोजपुरी सुपरस्टार और बीजेपी के स्टार प्रचारक पवन सिंह उतरने जा रहे हैं। वे साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र में करीब 50 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। इस दौरान उनके साथ बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन भी मौजूद रहेंगे। दोनों नेता भाजपा प्रत्याशी राजू कुमार सिंह के पक्ष में आम जनता से समर्थन की अपील करेंगे।
सोनगढ़ से शुरू होगा रोड शो, हजारों समर्थकों की उमड़ने की उम्मीद
रोड शो की शुरुआत सोनगढ़ से दोपहर करीब 2 बजे होगी। यह यात्रा लगभग 50 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करेगी। रास्ते में राजेपुर, केशव चौक, नीम चौक, नवल बाबू चौक, मनाईंन, खेमकरना, एकमा, खुटाही और जाफरपुर जैसे प्रमुख इलाकों से गुजरते हुए साहेबगंज पहुंचेगी। पूरे मार्ग पर भारी भीड़ और समर्थकों की मौजूदगी की संभावना जताई जा रही है। एनडीए नेताओं ने इस यात्रा को ‘जनसमर्थन का महा प्रदर्शन’ बताया है।
पहली बार साहेबगंज में प्रचार करेंगे पवन सिंह
भोजपुरी फिल्म जगत के पावर स्टार पवन सिंह का इस क्षेत्र में जबरदस्त जनाधार है। यह पहली बार है जब वे साहेबगंज विधानसभा में बीजेपी के लिए प्रचार करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उनके आगमन से युवा और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। रोड शो के दौरान उनके लोकप्रिय गीतों की झलक और समर्थकों के नारों से पूरा माहौल चुनावी रंग में रंग जाएगा।
प्रशासन ने सुरक्षा के किए विशेष इंतजाम
साहेबगंज प्रशासन ने रोड शो के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएसपी स्तर के अधिकारी पूरे रोड शो की निगरानी करेंगे। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के सभी इंतजाम पुख्ता हैं ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
शाहनवाज हुसैन संभालेंगे राजनीतिक मोर्चा
रोड शो के दौरान शाहनवाज हुसैन जनता को संबोधित करेंगे और विकास व सुशासन के मुद्दों पर पार्टी की नीतियों को सामने रखेंगे। वे राजू सिंह के पक्ष में वोट मांगेंगे और जनता को बताएंगे कि केंद्र और राज्य सरकार ने बिहार में किस तरह विकास को नई दिशा दी है। शाहनवाज हुसैन का कहना है, “साहेबगंज की जनता इस बार फिर विकास के पक्ष में वोट करेगी। राजू सिंह ने इस इलाके को नई पहचान दी है और अब जनता का विश्वास और मजबूत होगा।”
राजू सिंह बनाम पृथ्वीनाथ राय: कांटे की टक्कर
साहेबगंज विधानसभा में इस बार मुकाबला भाजपा के राजू कुमार सिंह और राजद के पृथ्वीनाथ राय के बीच सीधा माना जा रहा है। 2020 में राजू सिंह ने वीआईपी उम्मीदवार के रूप में शानदार जीत दर्ज की थी और राजद नेता रामविचार राय को पराजित किया था। उस चुनाव में राजू सिंह को 81,203 वोट मिले थे। जबकि 2015 में रामविचार राय ने राजू सिंह को 10 हजार से अधिक मतों से हराया था।
साहेबगंज सीट का राजनीतिक इतिहास
साहेबगंज विधानसभा राजनीतिक रूप से बेहद दिलचस्प सीट मानी जाती है। अब तक हुए 16 चुनावों में यहां कांग्रेस ने 6 बार, राजद 2, जनता दल 2, जदयू 2, एलजेपी 1, वीआईपी 1, निर्दलीय 1, और माकपा ने 1 बार जीत दर्ज की है। यह आंकड़े बताते हैं कि यह सीट पूरी तरह वोटर मूड और स्थानीय समीकरणों पर निर्भर करती है। यहां जातीय संतुलन, प्रत्याशी की साख और स्थानीय मुद्दे निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
चुनावी मैदान में पवन सिंह की एंट्री से बढ़ी हलचल
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भोजपुरी स्टार का असर ग्रामीण और युवा मतदाताओं पर गहरा पड़ता है। पवन सिंह की मौजूदगी से एनडीए के पक्ष में माहौल बन सकता है। साहेबगंज विधानसभा की जंग इस बार और दिलचस्प हो गई है। राजू सिंह और पृथ्वीनाथ राय दोनों मजबूत दावेदार हैं, लेकिन पवन सिंह और शाहनवाज हुसैन का संयुक्त रोड शो बीजेपी के प्रचार अभियान को नई रफ्तार देने वाला साबित हो सकता है।