माई बहिन योजना का वादा:
तेजस्वी यादव बोले– सरकार बनी तो हर महिला को मिलेगा 30 हजार रुपये
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। आज शाम 6 बजे प्रचार थम जाएगा। लेकिन चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने जनता से कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी, तो 14 जनवरी को हर महिला के खाते में 30 हजार रुपये भेजे जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने किसानों, सरकारी कर्मचारियों और जीविका दीदियों के लिए भी कई घोषणाएं कीं। तेजस्वी ने दावा किया कि इस बार बिहार की जनता बदलाव के मूड में है और 20 साल से सत्ता में बैठी सरकार को हटा देगी।
महिलाओं के लिए माई बहिन योजना तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में कहा कि आरजेडी सरकार बनने पर माई बहिन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा, सरकार बनने के बाद 14 जनवरी को हम एक साल का पैसा एक साथ देंगे, ताकि महिलाओं को तुरंत इसका फायदा मिल सके। इसके अलावा, तेजस्वी ने जीविका दीदी और कम्युनिटी मोबिलाइजरों को स्थायी करने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा, ताकि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारियों के लिए भी खुशखबरी तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार आने पर ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को फिर से लागू किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों की पोस्टिंग उनके गृह जिले से 70 किलोमीटर के दायरे में की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों को परिवार के पास रहने में आसानी होगी और कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी।
किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगी फ्री बिजली तेजस्वी यादव ने किसानों के लिए भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त कर दी जाएगी। अभी किसानों से 55 पैसे प्रति यूनिट लिए जाते हैं, जिसे वे शून्य कर देंगे। उन्होंने कहा कि पैक्स (PACS) प्रतिनिधियों को जनप्रतिनिधि का दर्जा दिया जाएगा और पैक्स अध्यक्षों को मानदेय भी दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने धान की खरीद पर MSP के ऊपर 300 रुपये प्रति क्विंटल और गेहूं पर 400 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त देने का वादा किया।
6 नवंबर को पहले चरण का मतदान बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। आज शाम 6 बजे प्रचार थम जाएगा। तेजस्वी यादव ने प्रचार के आखिरी दिन जनता को संबोधित करते हुए कहा कि महागठबंधन सरकार बनने पर बिहार में रोजगार, विकास और सम्मान की नई शुरुआत होगी। इससे पहले महागठबंधन की ओर से तेजस्वी प्रण नाम से घोषणा पत्र जारी किया गया था, जिसमें हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया है।