बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण के मतदान के लिए,
भारत-नेपाल सीमा 72 घंटे के लिए सील
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
बिहार: राज्य में विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के शांतिपूर्ण मतदान को सुनिश्चित करने के लिए भारत-नेपाल सीमा को सुरक्षा कारणों से 72 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। यह व्यवस्था 8 नवंबर की सुबह से लागू हो गई है और 11 नवंबर की शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। सीमा केवल मतदान समाप्त होने के बाद फिर से खोली जाएगी। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। प्रशासन ने यह कदम मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वाली किसी भी गतिविधि को रोकने के लिए उठाया है।
सीमा क्षेत्र में कड़ी निगरानी और चौकसी आदेश के अनुसार, सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। भारत-नेपाल मैत्री पुल सहित सहदेवा, महदेवा, मुशहरवा, पनटोका और सीवान टोला जैसी प्रमुख चौकियों को सील कर दिया गया है। इस दौरान एसएसबी, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार सीमा पर गश्त कर रही हैं ताकि कोई भी अवैध या असामाजिक गतिविधि चुनाव प्रक्रिया में बाधा न डाल सके।
इमरजेंसी सेवाओं की अनुमति सीमा सील होने के बावजूद आपातकालीन सेवाओं को आवाजाही की अनुमति दी गई है। इसमें एम्बुलेंस जैसी सेवाएं शामिल हैं। वहीं, नेपाल से आने वाले भारतीय नागरिकों को पहचान पत्र दिखाने पर भारत में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। यह कदम केवल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
स्थानीय नागरिकों से अपील प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे चुनाव अवधि के दौरान लागू दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के कदम प्रदेश में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में मदद करेंगे।