डीएनए विवाद को लेकर भाजपा ने लखनऊ में लगाए पोस्टर,
सोना-गाछी और GB रोड का बताया अखिलेश का DNA
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
BJP Poster War Lucknow: सपा-भाजपा के बीच छिड़े डीएनए विवाद को लेकर लखनऊ में अब पोस्टर वार शुरू हो गई है। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें अखिलेश यादव के डीएनए को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। इन पोस्टरों में 2017 में समाजवादी पार्टी में हुए पिता-पुत्र विवाद की ओर भी इशारा किया गया है, जिससे उत्तर प्रदेश की राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई है।
अखिलेश के डीएनए पर सवाल
पोस्टर लगाने वाले भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री मोहम्मद जीशान खान ने अपने पोस्टर के माध्यम से समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। पोस्टर में जीशान खान ने लिखा है, "जो लोग ब्रजेश पाठक का डीएनए पूछ रहे हैं, उन्होंने तो अपने ही पिता को पार्टी से निकाल दिया था और घर से भी बेदखल कर दिया था। उनके डीएनए में जरूर खोट है।"
पोस्टर में आगे लिखा गया है, "शायद उनका डीएनए सोना-गाछी या जीबी रोड का है, तभी उन्होंने अपने पिता से पिता जैसा व्यवहार कभी नहीं किया।" साथ ही यह भी कहा गया है कि, "इन्हीं लोगों ने अपने चाचा को भी घर से बाहर निकाल दिया था। अगर हिम्मत है, तो पहले अपना डीएनए टेस्ट कराएं, सच्चाई खुद सामने आ जाएगी।"
सियासी हलचल तेज
माना जा रहा है कि यह पोस्टर हाल ही में ब्रजेश पाठक पर किए गए कुछ राजनीतिक हमलों के जवाब में लगाए गए हैं। पोस्टरों के ज़रिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने ब्रजेश पाठक के प्रति समर्थन दिखाते हुए सपा प्रमुख को निशाने पर लिया है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन जिस तरह से व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप का स्तर बढ़ रहा है, माना जा रहा है कि यह आने वाले चुनावी माहौल को और तीखा बना सकता है।