लखनऊ से मिशन 2027 की हुंकार:
कांग्रेस ने छेड़ी 'संगठन सृजन' की मुहिम, 100 दिन का एक्शन प्लान लॉन्च
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: लखनऊ में शनिवार को कांग्रेस पार्टी ने ‘संगठन सृजन कार्यशाला’ की शुरुआत की। इसका आयोजन गांधी भवन स्थित महात्मा गांधी ऑडिटोरियम में किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वर्चुअल माध्यम से कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब निजी संस्थानों में भी आरक्षण की मांग करेगी। खड़गे ने केंद्र सरकार पर दबाव बनाकर जातिगत जनगणना की बात मनवाने का दावा किया। अब पार्टी का अगला लक्ष्य है आरक्षण की 50% सीमा हटवाना। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए आंदोलन छेड़ेगी।
कांग्रेस ने बनाए 100 दिन के संगठन सृजन के लक्ष्य
कांग्रेस ने कहा कि वह अगले 100 दिनों में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत संगठन बनाएगी। खड़गे ने कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है। बता दें कि उन्होंने यूपी को कांग्रेस की आत्मा बताया। खड़गे बोले नेहरू और गांधी परिवार की कर्मभूमि यही है। उन्होंने 2024 के चुनाव में यूपी की भूमिका को भी अहम बताया।
योगी सरकार पर तीखा हमला
खड़गे ने बीजेपी और योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार संविधान का अपमान कर रही है। पुलिस की बर्बरता, महिला सुरक्षा और दलित उत्पीड़न जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा भाजपा और आरएसएस को डॉ. अंबेडकर का संविधान पसंद नहीं।
कार्यकर्ताओं को दी बड़ी जिम्मेदारी
खड़गे ने कार्यकर्ताओं को न्याय और सच्चाई के योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता 2027 की तैयारी में लगें। मीडिया रणनीति पर पवन खेड़ा ने प्रस्तुति दी। उन्होंने कार्यशाला को जनजोड़ो और जनसंघर्ष की शुरुआत बताया।
गांव–गांव चलेगा जनसंपर्क अभियान
प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और अध्यक्ष अजय राय ने अभियान की रूपरेखा बताई। बूथ, पंचायत, ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर संगठन खड़ा किया जाएगा। कांग्रेस हर गांव में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। पार्टी दलितों, पिछड़ों और वंचित समाज की आवाज बनेगी।
चार प्रमुख प्रकोष्ठों ने संभाली कमान
सोशल मीडिया, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और दलित प्रकोष्ठ के प्रमुखों ने भाषण दिया। उन्होंने कहा यह अभियान संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा का है। कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया और जनसंपर्क के जरिए आवाज उठाने को कहा गया। नेता प्रतिपक्ष आराधना मिश्रा और सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा यह 2027 के सत्ता संग्राम की शुरुआत है। हर कार्यकर्ता एक सैनिक है और हर बूथ एक रणक्षेत्र है। अब कांग्रेस पूरे दमखम से मैदान में उतरने को तैयार है।