चिराग पासवान की गैरमौजूदगी में LJP (रामविलास) का 25वां स्थापना दिवस,
बापू सभागार में दिखा उत्साह
1 months ago Written By: Aniket prajapati
पटना के बापू सभागार में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का 25वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस बार कार्यक्रम की सबसे बड़ी बात यह रही कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान इसमें शामिल नहीं हो पाए। बताया गया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। यही वजह है कि लंबे समय में पहली बार चिराग किसी बड़े पार्टी कार्यक्रम से दूर रहे। वह फिलहाल दिल्ली स्थित अपने आवास पर आराम कर रहे हैं। बावजूद इसके, कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए और रजत जयंती समारोह बेहद उत्साह के साथ पूरा हुआ।
तबीयत बिगड़ने से एयरपोर्ट से लौटे चिराग कार्यक्रम में सांसद अरुण भारती ने बताया कि चिराग पासवान खराब तबीयत के बावजूद पटना आने के लिए बेहद उत्सुक थे। वे दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंच भी गए थे, लेकिन अचानक तबीयत और बिगड़ने पर उन्हें वापस घर लौटना पड़ा। ऐसी स्थिति में उनका यहां आना संभव नहीं था। हालांकि, उन्होंने दिल्ली से ही फोन पर कार्यकर्ताओं को संदेश दिया और कार्यक्रम की शुभकामनाएं दीं।
कार्यकर्ताओं के नाम चिराग पासवान का संदेश फोन के जरिए अपने संबोधन में चिराग पासवान ने पार्टी के संकल्प पत्र को जमीन पर उतारने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दें। उन्होंने एनडीए की बड़ी जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताया। साथ ही, पार्टी के 19 विधायकों को निर्देश दिया कि वे पूरी निष्ठा से जनता के बीच काम करते रहें।
रजत जयंती समारोह में उमड़ा जोश राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुपस्थिति के बावजूद बापू सभागार में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। मंच पर नेताओं के संबोधन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भविष्य की राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी एलईडी स्क्रीन पर दिवंगत रामविलास पासवान की यादों से जुड़े वीडियो भी दिखाए गए, जिससे माहौल भावुक और ऊर्जावान दोनों बन गया।