मलूक नागर का पाकिस्तान और कांग्रेस पर तीखा हमला,
बोले- देशहित में विपक्ष करे जिम्मेदारी से काम
3 days ago
Written By: NEWS DESK
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के नेता और पूर्व सांसद मलूक नागर ने पाकिस्तान और कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को "दोगला और आतंकवाद समर्थक" बताते हुए कांग्रेस पर "देशविरोधी बयानों" का आरोप लगाया है। उन्होंने विपक्ष के सरकार का विरोध करने पर भी सावल उठाए हैं।
पाकिस्तान पर बोले नागर: धोखा, मक्कारी और आतंक का अड्डा
इस दौरान मलूक नागर ने कहा है कि, 1947 से 2025 तक पाकिस्तान ने बार-बार धोखा दिया है। वह किसी भी समझौते का पालन नहीं करता और उसकी नीति मक्कारी, धोखेबाजी और आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सोच हिंसा और धोखाधड़ी से भरी है। भारतीय सेना पर हमला करने के बाद भी भारत ने वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान के दोगले चेहरे को उजागर किया।
भारत में मुसलमानों को पूरा सम्मान: नागर
उन्होंने पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नागर ने कहा है कि, भारत में मुसलमानों को जो सम्मान और सुरक्षा मिली है, वह पाकिस्तान में नहीं मिलती। उन्होंने सोफिया कुरैशी, ओवैसी और सलमान खुर्शीद जैसे नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा है कि, इन्होने देश का नाम ऊँचा किया है।
कांग्रेस पर हमला: विपक्ष का काम केवल विरोध नहीं
नागर ने कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व और विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि, विपक्ष में रहकर कांग्रेस सरकार के हर फैसले का विरोध करती है, भले ही वो देशहित में हो। उन्होंने आरोप लगाया है कि, कांग्रेस के कुछ सवाल पाकिस्तान की सोच से मेल खाते हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को नुकसान होता है।
कांग्रेस सरकारों की कार्यशैली पर भी सवाल
मलूक नागर ने कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों की आलोचना भी की है । उन्होंने कहा है कि, तेलंगाना में अभिनेता अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी और कर्नाटक में कार्यक्रम के दौरान हुई लापरवाही से आम जनता को नुकसान हुआ है। नागर ने इन मामलों में SIT गठन और न्यायिक जांच की मांग की है।
कांग्रेस में आंतरिक कलह पर टिप्पणी
इस दौरान मलूक नागर ने कांग्रेस के अंदरुनी विवादों का भी ज़िक्र किया है । उन्होंने कहा है कि, राजस्थान में सचिन पायलट और अशोक गहलोत की तरह, कर्नाटक में भी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच तनाव है। वहीं अंत में नागर ने कहा है कि, विपक्ष की जिम्मेदारी है कि, वो राष्ट्रहित में सोचकर कार्य करे, वरना जनता उसे जवाब देगी।