योगी के मंत्री बोले- कचरे से बनेगा 'सोना',
मेरठ में लगेगी अनोखी मशीन, कमाई के बढ़ेंगे साधन
1 months ago
Written By: NEWS DESK
Waste to wealth Meerut: उत्तर प्रदेश सरकार में नगर विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को कहा कि, "मेरठ में एक ऐसी मशीन लगाई जाएगी। जिससे कचरे से सोना निकलेगा।' दरसल उनकी ये बात कचरा रीसाइकिल करने वाली मशीन के बारे में थी। उन्होंने दावा किया कि, उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में अब कचरा सिर्फ फेंकने की चीज़ नहीं रहेगा, बल्कि कमाई का साधन भी बनेगा।
कचरे से सोना
मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी कि, मेरठ में जल्द ही एक खास मशीन लगाई जाएगी, जो कूड़े-कचरे को रिसाइकल कर उपयोगी चीजों में बदल देगी। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह मशीन कचरे को रीसायकल कर ऐसे उत्पाद तैयार करेगी, जो आर्थिक रूप से लाभदायक होंगे। इससे न केवल सफाई व्यवस्था में सुधार होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मंत्री ने इस योजना को “कचरे से सोना निकालने” की संज्ञा भी दे डाली।
रोजगार और स्वच्छता दोनों को मिलेगा बढ़ावा
धर्मपाल सिंह के अनुसार, यह मशीन स्वच्छता अभियान को एक नई दिशा देगी। खासकर शहरी क्षेत्रों में गंदगी की समस्या से निपटने में यह तकनीक अहम भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही जो भी उपयोगी वस्तुएं बनेंगी, वे बाजार में बिकेंगी जिससे आमदनी होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
मेरठ बनेगा मॉडल शहर
मंत्री ने बताया कि इस योजना को जल्द ही ज़मीन पर उतारा जाएगा। इसके तहत मेरठ को एक मॉडल शहर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां कचरा प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्था लागू होगी। यह पहल न केवल पर्यावरण के लिए फायदेमंद है, बल्कि लोगों को यह भी सिखाएगी कि कचरा भी एक संसाधन हो सकता है अगर सही तकनीक और सोच का इस्तेमाल किया जाए। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में मेरठ की तस्वीर बदलने वाली है।