स्मृति ईरानी का सड़क किनारे गोल-गप्पे वाला अंदाज वायरल,
बिहार चुनाव प्रचार में दिखीं सादगीभरे मूड में
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
बिहार विधानसभा चुनावों के पहले चरण का मतदान पूरा हो चुका है और अब दूसरे चरण के लिए सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच बिहार में एनडीए के लिए प्रचार कर रहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का एक अलग अंदाज सोशल मीडिया पर छा गया है। उन्होंने पटना की सड़कों पर बीजेपी नेताओं के साथ खड़े होकर गोल-गप्पे खाते हुए जनता से जुड़ने का एक हल्का और सादगी भरा पल दिखाया। इस दौरान उनका वीडियो वायरल हो गया और लोग उनके इस सरल स्वभाव की खूब चर्चा कर रहे हैं।
सड़क पर खड़े होकर खाए गोल-गप्पे, लोगों ने कहा ‘स्मृति जी आम जनता जैसी’
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में स्मृति ईरानी हंसते हुए गोल-गप्पे खाते नजर आ रही हैं। उनके साथ बीजेपी सांसद अनिल बलूनी भी मौजूद थे। वीडियो में स्मृति मुस्कराते हुए किसी से पूछती हैं, “क्या आप गोल-गप्पे नहीं खाएंगे?” यह पल देखने वालों को काफी पसंद आया और लोगों ने कहा कि एक केंद्रीय मंत्री का इस तरह आम लोगों की तरह व्यवहार करना बेहद अच्छा लगा स्मृति ईरानी का यह अंदाज इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वह अपने तेज-तर्रार और सख्त बयानों के लिए जानी जाती हैं। लेकिन इस बार उन्होंने प्रचार के बीच एक सहज और मिलनसार छवि दिखाकर लोगों का दिल जीत लिया।
बिहार चुनाव में एनडीए के लिए कर रहीं प्रचार
स्मृति ईरानी इन दिनों बिहार में एनडीए के लिए प्रचार कर रही हैं। वह लगातार रैलियों और जनसभाओं में शामिल होकर विपक्ष पर निशाना साध रही हैं। वह कांग्रेस और महागठबंधन पर अपने बेबाक बयान देने के लिए जानी जाती हैं। चुनावी मैदान में उनका फोकस एनडीए के उम्मीदवारों को जीत दिलाने पर है।
बिहार चुनाव का दूसरा चरण 11 नवंबर को
बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हो चुका है। चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस बार मुकाबला महागठबंधन और एनडीए के बीच कड़ा माना जा रहा है। वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी तीसरे मोर्चे के रूप में मैदान में है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता इस बार किस दल को अपना समर्थन देती है।