सपा ने मुस्लिम को CM फेस क्यों नहीं बनाया?
ओपी राजभर ने उठाए सवाल
1 months ago
Written By: STATE DESK
Rajbhar on Muslim CM Face: सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि अगर सपा खुद को मुसलमानों की हितैषी बताती है, तो उसे 2027 विधानसभा चुनाव में किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो यह साफ हो जाएगा कि समाजवादी पार्टी मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर रही है और उन्हें वास्तविक प्रतिनिधित्व देने की इच्छुक नहीं है।
सपा, कांग्रेस, बसपा ने किया मुसलमानों के साथ धोखा
ओमप्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने मुसलमानों को केवल वोट देने की मशीन बना कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों के विकास मॉडल ने मुसलमानों को सरकारी नौकरियों से लगभग बाहर कर दिया है। “आज मुसलमान 1 प्रतिशत भी सरकारी नौकरी में नहीं बचे हैं, जबकि आजादी के बाद उनकी हिस्सेदारी 38 प्रतिशत थी,” राजभर ने कहा।
मुस्लिम सीएम फेस नहीं हुआ तो ‘ठगने वाली पार्टी’ सपा
राजभर ने दो टूक कहा कि अगर सपा वाकई मुसलमानों के साथ है तो 2027 के चुनाव में किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करे। “अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह मान लिया जाएगा कि समाजवादी पार्टी मुसलमानों को सिर्फ ठगती रही है, उन्हें अधिकार नहीं देना चाहती,” उन्होंने जोड़ा।
अल्पसंख्यकों की शिक्षा, रोजगार की बात नहीं करते सपा-कांग्रेस
राजभर ने कहा कि कांग्रेस और सपा मुसलमानों को केवल नफरत की राजनीति सिखाती हैं। ये पार्टियां कभी उनकी शिक्षा, रोजगार और विकास की बात नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि सुभासपा अल्पसंख्यक समुदाय को शिक्षा और रोजगार के लिए प्रेरित कर रही है। मदरसे की शिक्षा तक सीमित रहना सही नहीं, बल्कि मुख्यधारा की शिक्षा लेकर अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार पाना जरूरी है।
जातीय जनगणना पर BJP से बनी सहमति
राजभर ने बताया कि उनकी पार्टी गठबंधन में है और कई बिंदुओं पर भाजपा से सहमति बनी है, जिसमें जातीय जनगणना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
मुसलमानों का सुभासपा पर बढ़ रहा भरोसा
सुभासपा के अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष खुर्शीद आलम ने कहा कि अब मुसलमान सपा, कांग्रेस और बसपा जैसी पार्टियों के झांसे में नहीं आने वाले हैं। ओमप्रकाश राजभर मुसलमानों के हक की बात कर रहे हैं और यही वजह है कि बड़ी संख्या में मुसलमान अब सुभासपा के साथ जुड़ रहे हैं।