रफीगंज में नीतीश कुमार की सभा: कहा- पहले बिहार में भय का माहौल था,
अब बच्चियां भी सुरक्षित घूमती हैं
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को औरंगाबाद के रफीगंज में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में भय, भ्रष्टाचार और अंधकार का माहौल था। पिछली सरकार ने जनता के लिए कुछ नहीं किया, सिर्फ अपने परिवार का भला किया। उन्होंने कहा, “पहले वाले लोग कुछ काम नहीं किए। वो हटे तो अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। तब बिहार में न सड़क थी, न बिजली, न इलाज की व्यवस्था थी। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए काम किया है। “अब बच्चा, लड़का, लड़की सब सुरक्षित घूमते हैं। पहले फालतू सरकार थी, हर जगह झगड़े होते थे,” उन्होंने कहा।
कब्रिस्तान और मंदिरों की घेराबंदी का जिक्र मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि उनकी सरकार ने सबके हित में काम किया है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने 2006 में कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू कराई और 2016 में 60 साल पुराने हिंदू मंदिरों की भी घेराबंदी कराई, ताकि कोई विवाद न हो।” उन्होंने कहा कि चाहे हिंदू हों या मुस्लिम, उनकी सरकार ने सबके लिए समान रूप से विकास के काम किए हैं।
नीतीश का दावा – 10 लाख नौकरी दी, अब 1 करोड़ रोजगार देंगे रोजगार के मुद्दे पर नीतीश कुमार ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि 2020 में 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया गया था, जिसमें अब तक 10 लाख लोगों को नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा, “रोजगार पाने वालों की संख्या 40 से 50 लाख तक पहुंच चुकी है। अब हमने तय कर लिया है कि अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे।”
महिलाओं और जीविका दीदियों के लिए योजनाएं नीतीश कुमार ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि 2006 में पंचायती राज में 50% आरक्षण, 2013 में पुलिस में 35%, और 2016 में सभी सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण महिलाओं को दिया गया। उन्होंने बताया कि आज बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या पूरे देश में सबसे ज्यादा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर “जीविका समूह” की शुरुआत की गई थी, जिसकी संख्या अब 1 करोड़ 40 लाख तक पहुंच चुकी है।