राजनाथ सिंह का ऐलान-ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है, दुश्मन को मिलेगा करारा जवाब,
मारे गए 100 आतंकी
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Defence Minister Rajnath Singh: गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई। इस बैठक में उन्होंने सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। कहा-यह एक सैन्य कार्रवाई थी जो पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में की गई। ऑपरेशन के तहत भारत ने आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया। राजनाथ सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई में करीब 100 आतंकवादियों को मार गिराया गया है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन अभी भी जारी है और अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती।
रक्षा मंत्री ने दी कार्रवाई की जानकारी
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई 9 जगहों पर की गई। इनमें से कुछ स्थान पाकिस्तान में थे और कुछ PoK में। उन्होंने सभी नेताओं को भरोसा दिलाया कि देश की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत शांति चाहता है। लेकिन अगर पाकिस्तान कोई हरकत करता है तो भारत पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ है न कि किसी देश के खिलाफ।
किरेन रिजिजू ने दिया बड़ा बयान
बैठक में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों ने सरकार का समर्थन किया। रिजिजू ने बताया रक्षा मंत्री ने सबको ऑपरेशन की जानकारी दी। बता दें कि वहां मौजूद सभी नेताओं ने भी अपने सुझाव दिए और एकजुटता दिखाई। उन्होंने यह भी कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है। पूरा देश एक बड़ी चुनौती का सामना कर रहा है। ऐसे समय में सभी दलों का साथ आना ज़रूरी है। रिजिजू ने कहा यह बैठक दिखाती है कि हम सिर्फ सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करते बल्कि देश को मजबूत करने के लिए भी साथ आते हैं।
खड़गे ने जताई मोदी के बैठक में आने की उम्मीद
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी भी बैठक में आते। वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी बैठक में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के साथ है। हालांकि राहुल गांधी ने यह भी कहा कि सरकार को संसद का विशेष सत्र बुलाना चाहिए था। इसके साथ ही अगर बात करें ऑपरेशन सिंदूर की तो ये भारत की आतंक के खिलाफ एक बड़ी और साहसी कार्रवाई है। सरकार और सभी दल एकजुट होकर देश की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं।