समाजवादी पार्टी से निष्कासन के बाद बोलीं पूजा पाल- मेरी जान को खतरा, शिवपाल ने किया करारा जवाब
जानें पूरी बात
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
UP Politics: समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने पार्टी से अपने निष्कासन और लेटर विवाद पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पत्र बहुत सोच-समझकर लिखा था। पूजा पाल ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों का समर्थन किया और माफिया अतीक अहमद का नाम लिया, तो उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया। उनका कहना है कि जैसे उन्हें अपमानित कर निकाला गया है, उससे अतीक के लोगों का मनोबल बढ़ा है।
अपमान और समर्थन की बात
पूजा पाल ने कहा कि उनके दुख और पीड़ा में उनका समाज उनके साथ खड़ा है और वह भी अपने समाज के साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उन्हें निकालना ही था तो राज्यसभा चुनाव के समय ही बाहर कर देते। उन्होंने कहा कि उन्हें अपमानित करने से अपराधियों के हौसले बढ़े हैं।
क्या बीजेपी ज्वाइन करेंगी
भाजपा में शामिल होने के सवाल पर पूजा पाल ने साफ कहा कि भाजपा की मौजूदा विचारधारा और उनकी सोच एक जैसी है। भाजपा माफिया पर लगाम लगा रही है और इसलिए उन्होंने पार्टी की नीतियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आगे क्या करना है, इसका फैसला वह समाज से बात करने के बाद लेंगी।
हत्या की आशंका जताई
शुक्रवार को पूजा पाल ने यह भी कहा था कि उनकी हत्या हो सकती है और अगर ऐसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की होगी। उन्होंने यह बात अखिलेश यादव को लिखे पत्र में भी कही। पूजा पाल ने लिखा कि भाजपा सरकार में उनके पति के हत्यारों को सजा मिली, जबकि समाजवादी पार्टी ने हमेशा उनके हत्यारों का बचाव किया।
ये भी पढ़ें... सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने लिखा वायरल लेटर, जताई हत्या की आशंका, कहा- अखिलेश यादव होंगे जिम्मेदार
शिवपाल यादव का पलटवार
पूजा पाल के आरोपों पर सपा नेता और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हत्या की राजनीति नहीं करती। शिवपाल यादव ने तंज कसते हुए कहा कि इतने दिन पूजा पाल चुप रहीं और अब अचानक हत्या का डर सताने लगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूजा पाल अब कभी विधायक नहीं बन पाएंगी। साथ ही शिवपाल ने भरोसा जताया कि सपा की सरकार आई तो अखिलेश यादव ही मुख्यमंत्री बनेंगे।