महिलाओं के सम्मान की कमी… पूजा पाल का सपा पर हमला,
अखिलेश पर भी साधा निशाना
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
UP Politics: समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने गुरुवार को अपनी ही पूर्व पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा के भीतर महिलाओं के प्रति सम्मान की भारी कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ नेता उनके निजी जीवन पर अनावश्यक टिप्पणियां कर रहे हैं और यह सब केवल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। पूजा पाल ने इस मामले में डीजीपी से मुलाकात कर सपा नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
अखिलेश पर भी लगाया आरोप
पूजा पाल ने पार्टी की महिला नेताओं को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, समाजवादी पार्टी की महिलाएं जिस तरह दूसरी महिला की निंदा कर रही हैं, मुझे उनकी सोच पर तरस आता है। उनका कहना था कि पार्टी में महिलाओं में आत्मसम्मान की कमी है, इसी कारण वे दूसरों को सम्मान देने में असमर्थ हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सपा के कुछ नेता उनके खिलाफ बयान देकर अखिलेश यादव को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं।
PDA फॉर्मूले पर भी साधा निशाना
पूजा पाल ने अखिलेश यादव पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि उनके निजी जीवन पर की जा रही टिप्पणियां बेहद निंदनीय हैं। उन्होंने सपा के पीछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) फॉर्मूले पर तंज कसते हुए कहा, PDA पाठशाला लगाने से पहले उन्हें खुद स्कूल जाना चाहिए और महिलाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए। उनका यह बयान पार्टी के अंदर चल रहे मतभेदों को खुलकर सामने लाता है।
योगी की तारीफ के बाद हुई थी निष्कासित
गौरतलब है कि पूजा पाल को इस महीने की शुरुआत में सपा से निष्कासित कर दिया गया था। उन्होंने विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की थी और कहा था कि उनके पति राजू पाल की हत्या के मामले में योगी सरकार ने उन्हें न्याय दिलाया, जबकि सपा अपराधियों का साथ देती रही। इसी कारण पार्टी ने उन्हें तत्काल बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
राजनीतिक हलचल तेज
पूजा पाल के इस नए बयान के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उनके समर्थकों का कहना है कि यह सपा के भीतर गहरे असंतोष को दर्शाता है। वहीं, सपा प्रवक्ताओं ने इसे उनकी व्यक्तिगत निराशा बताया है। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे सपा की महिला नीति की नाकामी करार देते हुए हमला बोल दिया है।