बिहार चुनाव से पहले RJD का बड़ा एक्शन, 2 विधायकों समेत 27 नेताओं की छुट्टी,
जानिए क्या है पूरी वजह...
2 months ago Written By: Ashwani Tiwari
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बड़ा और चौंकाने वाला कदम उठाया है। पार्टी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए गए 27 नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इन नेताओं में मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक और कई जिलास्तरीय पदाधिकारी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन नेताओं ने या तो निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ा था या RJD के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ प्रचार किया था। इससे पहले जनता दल (यूनाइटेड) ने भी 16 बागी नेताओं के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की थी।
छोटे लाल राय और मोहम्मद कामरान सहित दो मौजूदा विधायक निष्कासित RJD के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने 27 अक्टूबर को जारी एक बयान में इस निर्णय की पुष्टि की। सबसे बड़ा नाम सारण जिले की परसा सीट के मौजूदा विधायक छोटे लाल राय का है, जो 2020 में JDU के चंद्रिका राय को 17,000 से अधिक वोटों से हराकर विधायक बने थे। राय इससे पहले JDU के टिकट पर भी विधायक रह चुके हैं। इसी तरह, नवादा जिले के गोविंदपुर से विधायक मोहम्मद कामरान का नाम भी लिस्ट में शामिल है। कामरान ने 2020 के चुनाव में 33,000 से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी।
पूर्व विधायक और संगठन के वरिष्ठ नेता भी बाहर RJD ने कई पूर्व विधायकों को भी बाहर का रास्ता दिखाया है। इनमें कटिहार के राम प्रकाश महतो, मुजफ्फरपुर के अनिल सहनी, बड़हरा के सरोज यादव और नरपतगंज के अनिल यादव जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के पूर्व विधान परिषद सदस्य गणेश भारती को भी निष्कासित किया गया है। संगठन के वरिष्ठ नेताओं को भी नहीं बख्शा गया है। सारण के सेनपुर से प्रदेश महासचिव सुरेंद्र प्रसाद यादव और वैशाली के प्रदेश महासचिव अनिल चंद्र कुशवाहा को भी पार्टी से निकाला गया है। कुशवाहा तीन दशक से पार्टी में थे और हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए थे।
जिला और ब्लॉक स्तर पर भी कार्रवाई निष्कासित नेताओं में कई जिला और ब्लॉक पदाधिकारी भी हैं। इनमें चेरिया बरियारपुर के जिला महासचिव राम सखा महतो, वैशाली के संजय राय, दरभंगा के कुमार गौरव (पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष), राजीव कुशवाहा (जिला महासचिव) और मोतिहारी की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष पूनम देवी गुप्ता शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल का नाम भी सूची में है। ब्लॉक स्तर पर चिरैया से रामनरेश पासवान और पताही से अशोक चौहान को भी हटाया गया है।
JDU ने भी उठाया था अनुशासनात्मक कदम गौरतलब है कि इसी महीने JDU ने भी अपने 16 नेताओं को निष्कासित किया था, जिनमें गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल और दो पूर्व मंत्री शामिल थे। दोनों दलों की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होने वाले हैं और परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। RJD ने 20 अक्टूबर को 143 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया था और गठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया है।