उर्दू-अरबी पढ़ते थे, अब अंग्रेजी पढ़ा रहे हैं अल्लाह,
I Love Muhammad विवाद पर संजय निषाद ने दिया विवादित बयान
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
UP Politics News: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में I Love Muhammad अभियान को लेकर हिंसा और तनाव भड़क गया है। कानपुर से शुरू हुए विवाद ने अब बरबंकी, मऊ, मुजफ्फरनगर और बरेली तक का रुख कर लिया है। रैलियां, प्रदर्शन और झड़पें आम हो गई हैं। स्थानीय पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए विशेष सुरक्षा बल तैनात किए हैं और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसी बीच, यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने विवाद पर अपने अजीबोगरीब और विवादास्पद बयान से नई बहस छेड़ दी है।
मंत्री संजय निषाद का विवादित बयान मंत्री संजय निषाद ने कहा कि उर्दू-अरबी पढ़ने वाले जब अंग्रेजी पढ़ने लगे और अल्लाह को अंग्रेजी पढ़ाने लगते हैं, तो समझ में आता है कि इसके पीछे क्या राजनीति चल रही है। भगवान भी राजनीति के शिकार हैं। उन्होंने आगे कहा कि तलवार से त्योहार नहीं मानेगा, अब संस्कार से त्योहार मानेगा। जो लोग अल्लाह को अंग्रेजी पढ़ा रहे हैं वो उन्मादी लोग हैं। पुलिस लाठी नहीं चलाएगी तो क्या हाथ जोड़ कर बात करेगी। हमारे आंदोलन के समय तो पुलिस को सीधे गोली मारने के आदेश थे।
उत्तर प्रदेश में हिंसा और तनाव के हालात इस विवाद ने बरेली में नमाज के बाद हिंसक झड़पों का रूप ले लिया। पुलिस ने रात भर घर-घर छापेमारी कर कई लोगों को पकड़ा। इसी क्रम में मौलवी तौकीर रजा को गिरफ्तार किया गया। बरबंकी के फैजुल्लागंज गांव में भी तनाव बढ़ा, जहां I Love Muhammad लिखा बैनर फाड़ दिया गया। आरोप है कि स्थानीय चौकीदार ने लाठी से बैनर गिराया। इस घटना के बाद दोनों समुदायों के लोग इकट्ठा हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सुरक्षा व्यवस्था और सोशल मीडिया निगरानी स्थानीय प्रशासन ने तनाव को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।