शशि थरूर के बयान ने बढ़ाया सर्जिकल स्ट्राइक विवाद,
BJP-कांग्रेस नेता आमने-सामने
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
UPA Surgical Strikes Controversy: देश में विपक्ष की ओर से किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के दावों को लेकर नया विवाद छिड़ गया है। कांग्रेस ने शुक्रवार को एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ छह सर्जिकल स्ट्राइक की गई थीं। यह विवाद तब और तेज हो गया जब कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि पहली बार भारत ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करके सर्जिकल स्ट्राइक की है। इस बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस छिड़ गई। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो साझा करते हुए कहा कि यूपीए सरकार के दौरान बिना शोर-शराबे 6 सर्जिकल स्ट्राइक की गई थीं। भाजपा ने तुरंत इसका जवाब देते हुए कहा कि यूपीए सरकार के समय कोई सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हुई और कांग्रेस की यह बात गलत है।
सुरजेवाला ने मनमोहन सिंह के बयान को भी याद दिलाया
कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने भी कहा कि यूपीए सरकार के दौरान छह सर्जिकल स्ट्राइक की गई थीं। उन्होंने बताया कि पहली स्ट्राइक 19 जून 2008 को भट्टल सेक्टर में हुई थी। इसके बाद 30 अगस्त को शारदा सेक्टर में दूसरी स्ट्राइक की गई। तीसरी स्ट्राइक 6 जनवरी 2013 को, चौथी 27-28 जुलाई 2013 को, पांचवीं अगस्त 2013 में और छठी 14 जनवरी 2014 को नीलम घाटी में हुई थी। सुरजेवाला ने यह भी बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह भी सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में बोल चुके हैं।
थरूर ने आलोचकों को दिया करारा जवाब
शशि थरूर जो अमेरिका, पनामा, कोलंबिया, ब्राजील और गुयाना के लिए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं उन्होंने अपने आलोचकों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने आतंकवादी हमलों के जवाब में एलओसी के पार जाकर सर्जिकल स्ट्राइक की बात कही थी न कि पुरानी युद्धों की। उन्होंने कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदित राज ने थरूर पर बेईमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि वह पार्टी के स्वर्णिम इतिहास का अपमान कर रहे हैं।
रिजिजू ने कांग्रेस पर देश विरोधी बोलने का लगाया आरोप
वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस की इस बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कांग्रेस देश के खिलाफ बोलना चाहती है? उन्होंने कहा कि ऐसे समय पर जब देश की एकजुटता जरूरी है, भारतीय सांसदों को विदेशों में जाकर देश और प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलने की बजाय एक साथ आना चाहिए।
सुरजेवाला ने विवाद को बताया राजनीतिक खेल
इस पूरे विवाद के बीच, रणदीप सुरजेवाला ने इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए जाने वाली राजनीतिक बहस बताते हुए कहा कि थरूर कांग्रेस परिवार का हिस्सा हैं और यह मामला आपसी मतभेद का विषय नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपीए सरकार के दौरान आतंकवादियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की कई बार कार्रवाइयां हुईं, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री, थरूर और अन्य नेताओं ने भी स्वीकार किया है।