योगी आदित्यनाथ का बिहार में चुनावी प्रहार: बोले- RJD-कांग्रेस ने किसानों को लूटा,
माफिया राज फैलाया, बिहार की पहचान छीनी
1 months ago Written By: Aniket Prajapati
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गयाजी के वजीरगंज में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए RJD और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों ने बिहार को बर्बादी की राह पर धकेल दिया। किसानों को लूटा, विकास का पैसा अपने परिवार के विकास में लगा दिया और राज्य को नक्सलवाद व माफिया राज के हवाले कर दिया। योगी बोले, “जिस बिहार ने देश को दिशा दी, उन्हीं लोगों ने बिहारियों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया। किसानों को आत्महत्या करने पर मजबूर किया, बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ किया और व्यापारियों को पलायन करने पर विवश किया।”
योगी ने कहा
जिस तरह बिहार में RJD और कांग्रेस ने जंगलराज कायम किया, उसी तरह यूपी में उनका पार्टनर समाजवादी पार्टी ने किया। उन्होंने कहा, “सपा के एक शागिर्द माफिया ने चार किलेनुमा बंगले बना लिए थे। जब मेरी सरकार आई, तो मैंने लोगों से पूछा—ये किसके हैं? लोगों ने बताया—माफिया के। मैंने कहा—फिर बुलडोजर चलाओ। हमने उसका घर गिरवाकर गरीबों के लिए मकान बनवा दिए।” योगी बोले, इन दलों ने जातीय सेनाएं खड़ी करके समाज में विभाजन फैलाया, जिससे बिहार के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ।
राम- कृष्ण को नकारने वाले सपा और कांग्रेस
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर धार्मिक विरासत को नकारने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “इन लोगों को शहरों के नाम बदलने पर दिक्कत होती है। हमने फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या और इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज इसलिए किया, ताकि उनकी पहचान उनके मूल स्वरूप से जुड़ सके। राम और कृष्ण को नकारने वाले ये लोग आज हमारी संस्कृति पर हमला कर रहे हैं। जब ये हमें नकारते हैं, तो हम भी उन्हें नकार देंगे।”
योगी ने लालू पर कसा तंज
योगी ने लालू प्रसाद यादव के शासनकाल को बिहार के लिए सबसे काला दौर बताया। उन्होंने कहा, “लालू जी के राज में 7 से ज्यादा नरसंहार हुए, 30 हजार से अधिक अपहरण हुए। डॉक्टर, इंजीनियर, व्यापारी कोई सुरक्षित नहीं था। उस समय जंगलराज था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। पिछले 11 सालों में भारत का कायाकल्प हुआ है। अब बिहार में भी सुशासन और विकास की सरकार है।” योगी के इस भाषण ने सभा में मौजूद हजारों लोगों में जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि अब बिहार को पहचान का संकट नहीं, बल्कि विकास की नई पहचान मिल रही है — मोदी जी के नेतृत्व में “सुशासन और संकल्प का बिहार” बन रहा है।