राहुल गांधी आए मतलब एनडीए की जीत तय… लालगंज में गरजे सीएम योगी,
बारिश में उमड़ा जनसैलाब
2 months ago Written By: Ashwani Tiwari
लालगंज में भारी बारिश के बावजूद जनसैलाब उमड़ पड़ा जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीजेपी प्रत्याशी संजय कुमार सिंह के समर्थन में पहुंचे। कॉमर्स कॉलेज मैदान में भीगते हुए लोग जय श्री राम और हर हर महादेव के नारों से गूंज उठे। योगी ने मुस्कुराते हुए कहा यह कीचड़ में कमल खिलाने का संकेत है। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी प्रचार में आ गए, मतलब एनडीए की विजय तय है।
वैशाली लोकतंत्र की जननी, नया भारत नहीं रुकता- नहीं झुकता सीएम योगी ने कहा कि वैशाली की भूमि लोकतंत्र की जननी है, जिसने नालंदा विश्वविद्यालय और भगवान महावीर जैसी महान विरासत दी। आज यही धरती नए भारत के संकल्प की गवाह बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सुरक्षा दोनों में आगे बढ़ा है। नया भारत झुकता नहीं, आतंकवाद और नक्सलवाद को उसकी मांद में घुसकर मारता है।
कांग्रेस-आरजेडी ने नहीं दिया गरीबों को छत योगी ने कहा कि आज भारत दुनिया का इकलौता देश है जो 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ को मुफ्त इलाज और हर गरीब को आवास, शौचालय और बिजली दे रहा है। उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा 15 साल राज किया, लेकिन गरीब को छत तक नहीं दे पाए। मोदी जी ने 10 साल में वो कर दिखाया जो ये न कर सके।
राहुल गांधी प्रचार करें तो एनडीए की जीत तय सीएम योगी ने चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी बीजेपी और एनडीए की जीत की सबसे बड़ी गारंटी हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस-आरजेडी की सरकार बनी तो माफिया राज, लूट और बेटियों की असुरक्षा वापस लौट आएगी। वहीं एनडीए गरीबों और व्यापारियों की सुरक्षा की गारंटी है।
यूपी की कानून व्यवस्था का दिया उदाहरण योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज माफिया या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि बुलडोजर अब गरीबों के मकान ढहाने नहीं, बल्कि माफिया की अवैध संपत्तियों पर गरीबों के लिए घर बनाने का काम कर रहा है। यूपी अब विरासत और विकास दोनों का मॉडल बन चुका है।
सरदार पटेल को किया नमन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का स्मरण करते हुए योगी ने कहा कि लौह पुरुष पटेल ने देश को एकजुट किया और अब प्रधानमंत्री मोदी उसी एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को भी विकसित बनाना है तो एनडीए की डबल इंजन सरकार को फिर से लाना होगा।
संजय कुमार सिंह को जिताना अंत में योगी ने कहा कि बारिश और कीचड़ में भी जो भीड़ आई है, वह बता रही है कि लालगंज से इस बार कमल जरूर खिलेगा। उन्होंने जनता से अपील की संजय कुमार सिंह जैसे जनसेवक को जिताइए, बिहार को अपराध और अराजकता से मुक्त करिए। विकसित बिहार, विकसित भारत का रास्ता यहीं से निकलेगा।