बॉयफ्रेंड के साथ रील बनाने को लेकर दो लड़कियां भिड़ीं, सड़क पर हाथापाई,
चोटी पकड़कर की मारपीट, सोशल मीडिया पर हुआ वीडियो वायरल
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Viral News: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में मंगलवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। दो लड़कियां एक लड़के के साथ रील बनाने को लेकर आपस में भिड़ गईं। पहले दोनों ने पार्क में झगड़ा किया। इसके बाद झगड़ा सड़क पर पहुंच गया। लड़कियों ने एक-दूसरे की चोटी पकड़कर लात-घूंसे बरसाए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भीड़ तमाशबीन बनी रही। किसी ने भी झगड़ा छुड़ाने की कोशिश नहीं की। मामला बरेली के कंपनी गार्डन इलाके का बताया जा रहा है।
दोनों ने बताया लड़के को अपना बॉयफ्रेंड
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार लड़कियों का एक ग्रुप रील बनाने के लिए कंपनी गार्डन के पास पहुंचा था। उनके साथ कुछ लड़के भी थे। रील बनाते समय दो लड़कियां एक ही लड़के के साथ वीडियो बनाने की जिद करने लगीं। सफेद शर्ट पहने लड़की ने कहा कि वह लड़का उसका बॉयफ्रेंड है। वहीं काले कपड़े वाली लड़की ने भी उसी लड़के को अपना बॉयफ्रेंड बताया। इसी बात पर दोनों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया। दोनों लड़कियां गालियां देने लगीं। फिर उन्होंने एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाए। पास खड़ी सहेलियों और लड़कों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दोनों में से कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं थी।
सड़क पर दोबारा भिड़ीं
मारपीट के बाद काले कपड़े वाली लड़की अपनी सहेली के साथ वहां से चली गई। लेकिन थोड़ी दूर जाकर सफेद शर्ट वाली लड़की ने उन्हें फिर रोक लिया। दोनों ग्रुप के बीच दोबारा झगड़ा हुआ। बाल पकड़कर सड़क पर गिरा-गिरा कर पीटा गया। इस दौरान वहां अच्छी-खासी भीड़ जुट गई। लेकिन किसी ने लड़ाई नहीं रोकी। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाया। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बता दें कि पुलिस ने अब तक इस मामले में किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी है।