5 माह के बच्चे को आवारा कुत्तों ने नोचा, 50 से ज्यादा घाव,
इलाज से पहले मौत
16 days ago
Written By: State Desk
लखनऊ: फर्रुखाबाद में पांच माह के बच्चे की आवारा कुत्तों के नोचने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जहां बच्चे की पीठ पर 50 से ज्यादा जख्मों के निशान पाए गए हैं। जिसे अस्पताल ले जाते समय ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय बच्चे की माँ उसे लिटाकर काम कर रही थी।
दो आवारा कुत्तों ने नोचा…
दरअसल, फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव रामनगर की रहने वाली शिखा अपने पांच माह के बच्चे को चारपाई पर लिटाकर खाना बना रही थी, तभी दो कुत्ते वहां आए और उन्होंने बच्चे पर हमला कर दिया। उसकी गर्दन दबोचकर खींचते हुए ले जाने लगे। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर शिखा दौड़ती हुई पहुंची। लाठी लेकर कुत्तों को दौड़ाया। इसके बाद कुत्ते बच्चे को छोड़कर भागे। बच्चा बुरी तरह से खून से लथपथ पड़ा था। जिसके बाद फोन करके उसने अपने पति को इस बारे में बताया। इसके बाद दोनों उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इलाज शुरू होने से पहले ही मौत…
इस बाबत लोहिया अस्पताल में तैनात डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि पांच महीने के बच्चे को अस्पताल लाया गया था। परिजनों ने बताया कि आवारा कुत्तों ने बच्चे पर हमला कर दिया था। जब तक इलाज शुरू होता, बच्चा दम तोड़ चुका था। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की पीठ पर 50 से ज्यादा जख्म थे। खून ज्यादा बहने की वजह से बच्चे की मौत हो गई थी।