लखनऊ के राजाजीपुरम में नगर निगम की लापरवाही से बड़ा हादसा,
नाली निर्माण के दौरान मकान की दीवार ढही, चार मजदूर दबे
3 days ago
Written By: संदीप शुक्ला
राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके में आज नगर निगम की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया। नाली निर्माण के दौरान अचानक एक मकान की दीवार ढह गई, जिसके मलबे में दबकर चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे किंग जॉर्ज ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
बिना सुरक्षा इंतजाम के हो रहा था काम
यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब नगर निगम के ठेकेदार मनोज द्वारा बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाली खोदते समय मिट्टी कमजोर थी, लेकिन मजदूरों की सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा गया। तभी अचानक मकान नंबर 38/20 की दीवार भरभराकर गिर पड़ी और शैलेश, शंकु, दीपू और प्रमोद नामक मजदूर मलबे में दब गए। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर सीतापुर जिले के रहने वाले हैं।
स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
दीवार गिरते ही मौके पर हाहाकार मच गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए पास के अस्पताल भेजा गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
ठेकेदार और नगर निगम पर आरोप
मकान मालकिन अर्चना त्रिवेदी ने बताया कि सुबह से ही बिना किसी पूर्व सूचना के नाली की खुदाई का काम शुरू कर दिया गया था। जैसे ही खुदाई गहरी हुई, उनके घर की दीवार अचानक गिर गई। वहीं इस घटना से स्थानीय लोगों में नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ गुस्सा है। लोगों ने प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की अपील की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर तालकटोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। नगर निगम की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन लोगों का आरोप है कि अधिकारियों ने अब तक लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।