लखनऊ के क्लब में पार्टी के दौरान हवाई फायरिंग,
पुलिस ने संभाला मोर्चा
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार देर रात सुशांत गोल्फ सिटी स्थित प्लासियो मॉल में उस समय अफरातफरी मच गई जब टॉनिक क्लब के अंदर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा मारपीट और हवाई फायरिंग तक पहुंच गया। अचानक हुई घटना से क्लब में मौजूद लोग दहशत में आकर बाहर की ओर भागने लगे।
विवाद की शुरुआत और बाउंसरों पर हमला जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 2 बजे क्लब के अंदर बाउंसर और कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई। बाहर निकलते ही यह विवाद हाथापाई में बदल गया। आरोपियों ने क्लब के अन्य बाउंसरों पर भी हमला कर दिया। मारपीट में बाउंसर पुरुषोत्तम और अनुज चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
हवाई फायरिंग से फैली दहशत बताया जा रहा है कि, विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनते ही क्लब के अंदर मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। अफरातफरी का माहौल ऐसा था कि कुछ देर के लिए मॉल में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि जांच में स्पष्ट हुआ कि हवाई फायरिंग लाइसेंसी पिस्टल से की गई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों- हर्ष मिश्रा, प्रिंस वर्मा, संत कबीर नगर निवासी रोहित पटेल और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। सभी पर केस दर्ज कर लिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा डीसीपी ने कहा कि घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और मॉल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।