वर्ल्ड रिकॉर्ड की राह पर अयोध्या का दीपोत्सव,
लाखों दीपों की टिमटिमाहट से रचेगा इतिहास
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
आने वाली दीपावली पर अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2025 को लेकर जोरदार तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग इसे भव्य और आकर्षक बनाने में जुटा है। 18 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस आयोजन में सरयू घाटों पर लाखों दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, वहीं मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन, लेजर शो और लाइव परफॉर्मेंस खास आकर्षण होंगे।
दीपोत्सव में होगा परंपरा और तकनीक का संगम उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव-2025 को इस बार खास अंदाज़ में तैयार किया जा रहा है। आयोजन में परंपरा और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इस दौरान सरयू नदी के घाटों पर 26 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। इसके जरिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी भी की जा रही है।
आकर्षक शो और लाइव परफॉर्मेंस बताया जा रहा है कि, इस दीपोत्सव में प्रतिदिन कई सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष शो आयोजित किए जाएंगे। मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो का भव्य प्रदर्शन होगा, जो दीयों व आधुनिक प्रकाश तकनीकों का अद्वितीय मेल प्रस्तुत करेगा। लगभग 45 मिनट के इस कार्यक्रम में प्रोजेक्शन, लेजर इफेक्ट्स, शानदार कोरियोग्राफी, लाइव कलाकारों की प्रस्तुति और आतिशबाजी के जरिए भगवान श्रीराम की कथा जीवंत की जाएगी।
राम की पैड़ी पर थीमेटिक प्रोजेक्शन उन्होंने बताया कि, राम की पैड़ी पर इस बार एक अनोखा थीमेटिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो आयोजित किया जाएगा। इसमें 100 से अधिक कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि इसमें पिछले दीपोत्सवों के विजुअल्स, संगीत या एनीमेशन का दोहराव नहीं होगा। रामायण थीम पर आधारित लगभग 200 मीटर लंबे चलते-फिरते भव्य झांकियां भी सरयू घाट पर तैयार की जाएंगी, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अनूठा अनुभव प्रदान करेंगी।
वैश्विक आकर्षण का केंद्र बनेगा आयोजन पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव-2025 भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की झलक को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करेगा। पूरे अयोध्या नगर को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। उनकी मान्यता है कि परंपरा, तकनीक और संस्कृति के संगम से दीपोत्सव को ऐसा स्वरूप दिया जाएगा, जो न सिर्फ देश बल्कि विदेशों से आने वाले आगंतुकों के लिए भी यादगार साबित होगा।