कैबिनेट मंत्री OP राजभर के स्वास्थ्य में सुधार,
स्वस्थ होकर घर लौटे राजभर
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अब पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। करीब एक हफ्ते तक लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती रहने के बाद शनिवार को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉक्टरों ने राजभर को कुछ दिनों तक घर पर आराम करने की सलाह दी है।
अचानक बिगड़ी थी तबीयत 21 सितंबर को ओपी राजभर की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। आनन-फानन में उन्हें पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से शाम चार बजे मेदांता अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया। विशेषज्ञ डॉक्टर अनूप कुमार ठक्कर और न्यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक राकेश मिश्रा की देखरेख में उनका इलाज हुआ। लगातार सुधार के बाद आखिरकार शनिवार को डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया।
नेताओं ने जाना हाल वहीं मंत्री ओपी राजभर के भर्ती रहने के दौरान उनका हालचाल जानने के लिए लगातार नेताओं का आना-जाना लगा रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, पूर्व सांसद धनंजय सिंह समेत कई मंत्री और बड़े नेता उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे।
सुभासपा ने दी जानकारी वहीं सुभासपा प्रवक्ता और उनके पुत्र अरुण राजभर ने पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष ओपी राजभर पूरी तरह से फिट हैं और अब घर पर स्वास्थ्य लाभ लेंगे। गौरतलब है कि ओपी राजभर की पार्टी सुभासपा, उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सहयोगी पार्टी है और मौजूदा सरकार में अहम भूमिका निभा रही है।