पहले सद्दाम, फिर उसी के दोस्त से शादी कर सबीना से बनी सुमन,
कहा-मेरी घर वापसी
15 days ago
Written By: State Desk
लखनऊ: देश भर से आ रही सांप्रदायिक उन्माद की खबरों के बीच फर्रुखाबाद से एक समरसता भरी खबर आई है। यहां एक मुस्लिम युवती एक हिंदू युवक विजय के साथ विवाह के बंधन में बंधकर सबीना से सुमन बन गई है। जिसको लेकर सुमन का ऐसा मानना है कि उनके पूर्वज भी हिंदू ही थे और उसने घरवापसी की है। हिंदू बनने के बाद उसने अपना नाम सुमन रखा है। यह पूरा मामला फर्रुखाबाद से 20 किलोमीटर दूर अमृतपुर गांव का है। युवती का नाम सबीना था। जिसकी शादी एक मंदिर में किसान संगठन की देखरेख में कराई गई है तथा 7 दिन बाद युवती का शुद्धिकरण भी कराया जाएगा।
पहले सद्दाम से शादी, अब उसी के दोस्त की दुल्हन…
दरअसल सुमन की 6 साल पहले बदायूं में एक मुस्लिम परिवार में शादी हुई थी। उसका पहला पति सद्दाम और विजय महाराष्ट्र में एक कंपनी में काम करते थे। सद्दाम अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। इससे सुमन (27) परेशान रहती थी। विजय और सद्दाम दोस्त थे। विजय (27) अक्सर सद्दाम के घर जाया करता था। इसी दौरान सुमन और विजय में नजदीकियां बढ़ गईं। जिसके बाद विजय और सुमन ने साथ रहने का फैसला लिया। सद्दाम को छोड़कर 8 महीने पहले सुमन महाराष्ट्र से फर्रुखाबाद विजय के घर रहने आ गई। दोनों तब से लिव-इन में रह रहे थे। परिवार और समाज का दबाव बढ़ने पर दोनों ने शादी कर ली। सुमन के पहले पति से 2 बच्चे भी हैं, जो इस समय अपने पिता के पास रह रहे हैं।
"मैं शादी से खुश हूं" - सुमन…
सुमन ने शादी करने के बाद बुधवार सुबह पुलिस को एक तहरीर भी दी है। युवती ने तहरीर में लिखा, मैंने अपने मन से हिंदू लड़के से शादी की है। मुझसे कोई जबरदस्ती नहीं की गई। मैं विजय से शादी करके बहुत खुश हूं। अपनी ननद, सास और पति के साथ ससुराल में रह रही हूं। अगर मुझे या फिर मेरे परिवार को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी मेरे पुराने ससुराल वालों की होगी।
क्या बोली पुलिस…
मामले में क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अजय वर्मा ने बताया कि प्रार्थना पत्र संज्ञान में आया है। युवक-युवती ने अपने मन से शादी की है। शादी हो जाने के बाद युवती ससुराल चली गई है। उसने अपने ससुराल वालों के खिलाफ एक तहरीर दी है। अगर भविष्य में कोई घटना ऐसी होती है तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।